BIHAR NEWS : महावीर मंदिर पटना में कलश स्थापना के साथ मानस नवाह-पाठ आरंभ, मंदिर में शुरु हुई रामनवमी की तैयारी
पटना : राजधानी पटना जंक्शन स्थित महावीर मंदिर में रामनवमी से ठीक 9 दिन पूर्व कलश स्थापना के साथ रामचरितमानस का नवाह पाठ शुरु हो गया है. प्रत्येक वर्ष की भाँति इस बार भी प्रातःकाल मंदिर के दूसरे तल पर राम-दरबार मण्डप सजाकर उसके सामने कलशस्थापना कर मन्त्रोच्चार के साथ 11 लोगों की मण्डली के द्वारा रामचरितमानस का पाठ आरम्भ हो गया है. कलश स्थापित कर उस पर जानकी सहित श्रीराम तथा लक्ष्मण की पूजा हुई. इस बार पूजा में यजमान के रूप में न्यायमूर्ति संजय कुमार बैठे.
महावीर मंदिर के वयोवृद्ध पण्डित जटेश झा की देखरेख में यह महत्वपूर्ण कर्मकाण्ड सम्पन्न हुआ. पूजा के बाद यजमान बने न्यायमूर्ति ने पाठ करने वालों को वस्त्र, पुस्तक आदि देकर विधानपूर्वक वरण किया. पाठ करने वाले 11 लोगों में शिवचंद्र चौधरी, मोहन चौधरी, गोपाल मिश्र, अनिल सिंह, विपिन ठाकुर सहित स्रोधन चौधरी का व्यास के रूप में वरण किया गया है. यह मण्डली लगभग 25 वर्षों से नवाह इस अवसर पर नवाह पाठ करती रही है. इस मण्डली के द्वारा रामनवमी तक प्रातःकाल 8 बजे से लगभग 2 बजे तक नवाह पाठ किया जाएगा, जिसका समापन रामनवमी के दिन होगा. स्थानीय श्रद्धालु भी अपनी सुविधानुसार इस पाठ में भाग लेकर पुण्य के भागी बनते रहे हैं. उनके लिए आसन आदि की व्यवस्था महावीर मन्दिर की ओर से की जाती है. इस मौके पर मंदिर के एसीईओ बीके मिश्रा, मंदिर अधीक्षक के सुधाकरण आदि मौजूद थे. महावीर मन्दिर में इसी प्रकार नवाह पाठ कार्तिक कृष्ण चतुर्दशी के दिन हनुमान-जयन्ती से पूर्व भी आयोजित होता है.
पटना से अंकिता की रिपोर्ट--





