BIHAR NEWS : नगर विकास प्राधिकरण का होगा गठन,नए शहरों और टाउनशिप पर सरकार का फोकस
पटना:बिहार सरकार राज्य में आधुनिक, सुनियोजित और भविष्य की जरूरतों के अनुरूप शहर विकसित करने की दिशा में बड़ा कदम उठाने जा रही है। सरकार ने ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप और नए शहरी क्षेत्रों के विकास के लिए बिहार नगर विकास प्राधिकरण (Urban Development Authority) के गठन का फैसला किया है। इससे राज्य में शहरी विकास की योजनाओं को एकीकृत तरीके से लागू किया जा सकेगा।
शहरीकरण को व्यवस्थित करनासरकार का उद्देश्य
प्रस्तावित प्राधिकरण नए शहरों की योजना बनाने, उनके विकास, निगरानी और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार की जिम्मेदारी निभाएगा। सड़क, जलापूर्ति, सीवरेज, ड्रेनेज, बिजली, पार्क, सार्वजनिक परिवहन और अन्य नागरिक सुविधाओं को बेहतर ढंग से विकसित करने पर विशेष जोर रहेगा। सरकार का उद्देश्य तेजी से बढ़ते शहरीकरण को व्यवस्थित करना और भविष्य की जरूरतों के अनुरूप नए शहरों का निर्माण करना है।
सरकार की पहल से राज्य में निवेश को मिलेगा बढ़ावा
सरकार का मानना है कि इस पहल से राज्य में निवेश को बढ़ावा मिलेगा और उद्योगों के लिए बेहतर माहौल तैयार होगा। नए आर्थिक गतिविधि केंद्र विकसित होने से रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी। साथ ही, शहरों के अनियोजित विस्तार पर रोक लगाने और आधुनिक शहरी ढांचा विकसित करने में भी मदद मिलेगी।
प्राधिकरण के गठन के बाद शहरों और सैटेलाइट टाउनशिप को मिलेगी गति
विधानसभा के मानसून सत्र के पहले दिन इस प्रस्तावित कानून की प्रतियां सदन में वितरित की गईं। सरकार जल्द ही इसे विधायी प्रक्रिया से पारित कर लागू करने की तैयारी में है। इस प्राधिकरण के गठन के बाद बिहार में नए शहरों और सैटेलाइट टाउनशिप के विकास को गति मिलने की उम्मीद है। सरकार का दावा है कि यह कदम राज्य के शहरी विकास के इतिहास में एक महत्वपूर्ण बदलाव साबित होगा और आने वाले वर्षों में बिहार के शहर अधिक व्यवस्थित, आधुनिक और निवेश के अनुकूल बन सकेंगे।





