Hindi News / सीएम सम्राट ने मुख्यमंत्री सचिवालय स्थित संवाद सभागार में 'सहयोग' कार्यक्रम का किया...

BIHAR NEWS : सीएम सम्राट ने मुख्यमंत्री सचिवालय स्थित संवाद सभागार में 'सहयोग' कार्यक्रम का किया शुभारंभ

Edited By:  |
bihar news bihar news

पटना : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार को मुख्यमंत्री सचिवालय स्थित संवाद सभागार में राज्यस्तरीय'सहयोग'कार्यक्रम का शुभारंभ किया. इस नई पहल का उद्देश्य उन नागरिकों को राज्य स्तर पर अपनी शिकायत रखने का अवसर देना है,जो जिला स्तर पर शिकायतों के निस्तारण से संतुष्ट नहीं हैं. कार्यक्रम के पहले दिन मुख्यमंत्री ने विभिन्न जिलों से आए लोगों की शिकायतें स्वयं सुनीं और कई मामलों में मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए.

मुख्यमंत्री ने कहा कि आम जनता की समस्याओं का त्वरित,पारदर्शी और न्यायसंगत समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है. जिन मामलों का तत्काल निपटारा संभव नहीं था,उन्हें संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्रवाई के लिए भेजा गया. उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि हर शिकायत का गंभीरता से समाधान सुनिश्चित किया जाए.

सरकार के अनुसार, 'सहयोग'पोर्टल पर प्राप्त आवेदनों की निर्धारित मानकों के आधार पर निष्पक्ष और पारदर्शी समीक्षा की जाएगी. इसके बाद चयनित मामलों की सुनवाई प्रत्येक महीने के दूसरे मंगलवार को मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में आयोजित होगी. इससे शिकायतों के समाधान के लिए नागरिकों को एक नियमित और संस्थागत मंच मिलेगा.

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर भी इस कार्यक्रम की जानकारी साझा करते हुए कहा कि सरकार हर नागरिक की शिकायत को गंभीरता से सुनने और उसका प्रभावी एवं संतोषजनक समाधान सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है. उन्होंने कहा कि'सहयोग'सरकार और जनता के बीच प्रत्यक्ष संवाद को मजबूत करने वाली महत्वपूर्ण पहल है,जिससे सुशासन और जनविश्वास को नई मजबूती मिलेगी.

राज्य सरकार का मानना है कि इस व्यवस्था से शिकायत निवारण प्रक्रिया अधिक जवाबदेह,पारदर्शी और प्रभावी बनेगी तथा आम लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए मुख्यमंत्री स्तर तक पहुंचने का अवसर मिलेगा.

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-