BIHAR NEWS : महावीर कैंसर संस्थान में सैंगर सीक्वेंसिंग लैब का उद्घाटन, कैंसर जांच और उपचार को मिलेगी नई दिशा
Patna : राजधानी पटना स्थित महावीर कैंसर संस्थान एवं अनुसंधान केंद्र में अत्याधुनिक सैंगर सीक्वेंसिंग (Sanger Sequencing) लैब का विधिवत उद्घाटन किया गया. एचबीसीएचआरसी (HBCHRC), मुजफ्फरपुर के निदेशक डॉ. कुमार प्रभास ने दीप प्रज्वलित कर लैब का शुभारंभ किया.
इस अवसर पर इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (IOCL) के चीफ रीजनल मैनेजर राजीव गुप्ता ने मुख्य अतिथि एवं अन्य विशिष्ट अतिथियों का स्वागत और सम्मान किया. कार्यक्रम में महावीर स्थान न्यास समिति के सचिव सायन कुणाल भी विशेष रूप से उपस्थित रहे.
लैब के उद्घाटन के बाद प्रिसिजन ऑन्कोलॉजी के दौर में सैंगर सीक्वेंसिंग की क्लिनिकल उपयोगिता विषय पर सतत चिकित्सा शिक्षा (CME) कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस वैज्ञानिक संगोष्ठी में राज्य के विभिन्न मेडिकल कॉलेजों, अस्पतालों और शोध संस्थानों से आए सैकड़ों चिकित्सकों, कैंसर विशेषज्ञों, पैथोलॉजिस्ट तथा शोधकर्ताओं ने भाग लिया.
विशेषज्ञों ने बताया कि सैंगर सीक्वेंसिंग तकनीक कैंसर से जुड़े जीन संबंधी बदलावों की सटीक पहचान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है. यह तकनीक मरीजों को उनकी बीमारी के अनुरूप प्रिसिजन ऑन्कोलॉजी आधारित व्यक्तिगत उपचार उपलब्ध कराने में मदद करेगी, जिससे उपचार की गुणवत्ता और सफलता की संभावना और अधिक बढ़ेगी.
कार्यक्रम में डॉ. कुमार प्रभास, डॉ. मनीषा, डॉ. एल. बी. सिंह, डॉ. बी. सन्याल, डॉ. राजीव गुप्ता, सायन कुणाल सहित कई वरिष्ठ चिकित्सक, वैज्ञानिक और अन्य गणमान्य अतिथि मौजूद रहे.
महावीर कैंसर संस्थान के चिकित्सकों ने बताया कि इस अत्याधुनिक लैब की स्थापना से बिहार सहित पूरे पूर्वी भारत के कैंसर मरीजों को आधुनिक जीन परीक्षण की सुविधा स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होगी. इससे जांच में लगने वाला समय कम होगा और मरीजों को अधिक सटीक, प्रभावी तथा समय पर उपचार का लाभ मिल सकेगा.
पटना से अभय राज की रिपोर्ट-





