Hindi News / सीएम सम्राट चौधरी ने पाटलिपुत्र जंक्शन से सोमनाथ आस्था यात्रा को हरी झंडी...

BIHAR NEWS : सीएम सम्राट चौधरी ने पाटलिपुत्र जंक्शन से सोमनाथ आस्था यात्रा को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

Edited By:  |
bihar news bihar news

Patna : पटना के पाटलिपुत्र जंक्शन से सोमवार को सोमनाथ आस्था यात्रा का भव्य शुभारंभ हुआ. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दीप प्रज्ज्वलित कर यात्रा की शुरुआत की और विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. इस दौरान पूरे परिसर में "हर-हर महादेव" के जयघोष से धार्मिक माहौल बन गया. बड़ी संख्या में श्रद्धालु,जनप्रतिनिधि और भाजपा कार्यकर्ता इस ऐतिहासिक अवसर के साक्षी बने.

इस विशेष आस्था यात्रा में 1100 से अधिक श्रद्धालु सोमनाथ धाम के दर्शन के लिए रवाना हुए. मुख्यमंत्री ने यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं देते हुए उनके सुखद और सुरक्षित सफर की कामना की. उन्होंने श्रद्धालुओं को कलश और भगवा ध्वज भी भेंट किए. शोभा सिंह को स्वयं मुख्यमंत्री ने कलश सौंपा,जिसे लेकर वह सोमनाथ धाम पहुंचेंगी.

यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखा गया है. ट्रेन में भोजन,पेयजल,चिकित्सा सहायता,सुरक्षा और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं,ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े. रेलवे और प्रशासन की ओर से भी समुचित इंतजाम किए गए हैं.

कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने इसे धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक विरासत को मजबूत करने वाला महत्वपूर्ण आयोजन बताया. मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार की समृद्ध आध्यात्मिक परंपरा को आगे बढ़ाने और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए राज्य सरकार लगातार प्रयास कर रही है. उन्होंने विश्वास जताया कि यह यात्रा श्रद्धालुओं के लिए अविस्मरणीय आध्यात्मिक अनुभव साबित होगी.

विशेष ट्रेन के रवाना होते ही श्रद्धालुओं ने भगवान शिव के जयघोष के साथ अपनी यात्रा शुरू की. पूरे स्टेशन परिसर में उत्साह,भक्ति और उल्लास का वातावरण देखने को मिला. यह आस्था यात्रा धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ-साथ बिहार और गुजरात के सांस्कृतिक संबंधों को भी नई मजबूती प्रदान करेगी.