बिहार में शिक्षा क्षेत्र को बड़ी सौगात : 211 नए डिग्री कॉलेजों में 2,532 असिस्टेंट प्रोफेसरों की होगी नियुक्ति
पटना: बिहार के उच्च शिक्षा क्षेत्र से बड़ी खबर सामने आई है। राज्य के 211 नवस्थापित राजकीय डिग्री कॉलेजों में जल्द ही 2532 संविदा आधारित असिस्टेंट प्रोफेसरों की नियुक्ति की जाएगी। बिहार विश्वविद्यालय सेवा आयोग ने नियुक्ति प्रक्रिया को अंतिम चरण तक पहुंचा दिया है।
उच्च शिक्षा विभाग के दिशा-निर्देश के अनुसार आयोग ने लिखित परीक्षा के आधार पर चयनित अभ्यर्थियों का साक्षात्कार पूरा कर लिया है। अब चयनित उम्मीदवारों के परिणाम जारी करने की तैयारी चल रही है। आयोग की ओर से 1 अगस्त तक परिणाम घोषित किए जाने की संभावना है।
परिणाम जारी होने के बाद चयनित असिस्टेंट प्रोफेसरों को उनके आवंटित राजकीय डिग्री कॉलेजों में योगदान कराया जाएगा। विभाग की योजना के अनुसार 10 अगस्त तक सभी चयनित शिक्षकों को योगदान देने की प्रक्रिया पूरी करने की तैयारी है।
बता दें कि इन नए डिग्री कॉलेजों में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने दाखिला लिया है। वर्तमान में इन कॉलेजों में 60 हजार से अधिक छात्र-छात्राएं अध्ययन कर रहे हैं। शिक्षकों की नियुक्ति से पढ़ाई की व्यवस्था मजबूत होगी और विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं मिल सकेंगी।
राज्य सरकार उच्च शिक्षा के विस्तार और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने पर लगातार जोर दे रही है। नए कॉलेजों में स्थायी शैक्षणिक माहौल तैयार करने के लिए शिक्षकों की नियुक्ति को अहम कदम माना जा रहा है।
असिस्टेंट प्रोफेसरों की नियुक्ति से न केवल कॉलेजों में शिक्षकों की कमी दूर होगी, बल्कि बिहार के युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे। आयोग और विभाग की तैयारियों के बाद अब अभ्यर्थियों को परिणाम का इंतजार है।





