Hindi News / गोपालगंज की 2 छात्राओं की यूपी में दर्दनाक मौत, कॉलेज से लौटते वक्त...

BIG NEWS : गोपालगंज की 2 छात्राओं की यूपी में दर्दनाक मौत, कॉलेज से लौटते वक्त तेज रफ्तार कार ने स्कूटी को मारी जोरदार टक्कर

Edited By:  |
big news big news

NEWS DESK : गोपालगंज की दो बेटियों की उत्तर प्रदेश के तमकुहीराज में हुए भीषण सड़क हादसे में मौत हो गई. हादसा एनएच-27 पर माधोपुर गांव के समीप हुआ. कॉलेज से कक्षा खत्म होने के बाद स्कूटी से घर लौट रहीं तीन सहेलियों को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी जिससे यह हादसा हुआ.

मृत छात्राओं की पहचान गोपालपुर थाना क्षेत्र के सुखदेव पट्टी गांव निवासी निशा गिरी और पड़ोसी बोध छापर गांव निवासी अनामिका ठाकुर के रूप में हुई है. दोनों तमकुहीराज स्थित एक महाविद्यालय में बीए अंतिम वर्ष की छात्रा थी.

बताया जा रहा है कि क्लास खत्म होने के बाद तीनों सहेलियां स्कूटी से घर लौट रही थी. इसी दौरान एनएच-27 पर माधोपुर गांव के पास बाबा धाम की यात्रा से लौट रही तेज रफ्तार कार ने उनकी स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों छात्राएं सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं.

निशा और अनामिका ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. वहीं तीसरी छात्रा अलीशा गंभीर रूप से घायल हो गई. उसे तत्काल तमकुहीराज अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया.

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को जब्त कर उसमें सवार दो लोगों को हिरासत में लिया है. दोनों के गोरखपुर जिले के निवासी होने की बात सामने आई है.

हादसे की खबर गांव पहुंचते ही परिवारों में मातम पसर गया. जिन बेटियों के घर लौटने का परिजन इंतजार कर रहे थे,उनकी मौत की खबर से परिवार सदमे में है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.

संजय कुमार की रिपोर्ट-