Hindi News / पटना के जमाल रोड स्थित प्लास्टिक गोदाम में लगी भीषण आग, फायर ब्रिगेड...

BIG BREAKING : पटना के जमाल रोड स्थित प्लास्टिक गोदाम में लगी भीषण आग, फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पाया

Edited By:  |
big breaking big breaking

पटना: राजधानी पटना के जमाल रोड स्थित बैंक ऑफ इंडिया की शाखा के नीचे बने प्लास्टिक गोदाम में बुधवार को अचानक भीषण आग लग गई. आग लगते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई. गोदाम से तेज लपटें और घना धुआं निकलता देख स्थानीय लोगों ने तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी. अग्निशमन की टीम ने मौ के पर पहुंच कर आग पर काबू पाया.

बताया जा रहा है कि जमाल रोड स्थित बैंक ऑफ इंडिया की शाखा के नीचे बने प्लास्टिक गोदाम में बुधवार को आग लग गई. सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया. प्लास्टिक का सामान होने के कारण आग तेजी से फैल गई. देखते ही देखते गोदाम में रखा काफी सामान जलकर खाक हो गया.

आग की लपटों और धुएं को देखते हुए सुरक्षा के लिहाज से पूरी बिल्डिंग को खाली कराया गया. बैंक ऑफ इंडिया की शाखा में भी धुआं भर गया था. आसपास के लोगों को भी घटना स्थल से दूर रहने की हिदायत दी गई.

जिला अग्निशमन पदाधिकारी अभिषेक कुमार ने बताया कि विभाग को बैंक ऑफ इंडिया की शाखा में आग लगने की सूचना मिली थी. मौके पर पहुंचने के बाद पता चला कि आग बैंक के नीचे बने प्लास्टिक गोदाम में लगी है. फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया है. उन्होंने बताया कि घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है.

फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है. पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मामले की जांच कर रही है. आग से हुए नुकसान का आकलन भी किया जा रहा है.

पटना से विवेक कुमार रॉय की रिपोर्ट--