Hindi News / संगठित अपराध पर EOU का बड़ा एक्शन, संतोष डॉन और संजय यादव से...

BIG BREAKING : संगठित अपराध पर EOU का बड़ा एक्शन, संतोष डॉन और संजय यादव से जुड़े 25 ठिकानों पर छापेमारी

Edited By:  |
big breaking big breaking

Patna : इस वक्त की बड़ी खबर पटना जिले के खुसरूपुर प्रखंड से सामने आ रही है. आर्थिक अपराध इकाई (EOU)ने संगठित अपराध के खिलाफ कार्रवाई करते हुए शनिवार सुबह एक साथ कई स्थानों पर छापेमारी शुरू की. यह कार्रवाई खुसरूपुर प्रखंड के सुकरबेगचक पंचायत के पैक्स अध्यक्ष एवं प्रखंड प्रमुख के पति संजय कुमार उर्फ संतोष डॉन से जुड़े ठिकानों पर की जा रही है.

प्राप्त जानकारी के अनुसार,आर्थिक अपराध इकाई की टीम ने पचरुखिया स्थित संतोष डॉन के आवास सहित करीब25ठिकानों पर एक साथ दबिश दी है. छापेमारी खुसरूपुर के पचरुखिया,जगमालबीघा,सुकरबेगचक,मुस्तफापुर और चौड़ा गांव के अलावा नालंदा जिले के खिदरचक समेत अन्य स्थानों पर भी जारी है. सुबह शुरू हुई यह कार्रवाई लगातार चलती आ रही है.

सूत्रों के मुताबिक,यह कार्रवाई संगठित अपराध से जुड़े मामलों की जांच के तहत की जा रही है. इस अभियान में संजय यादव और संतोष डॉन से जुड़े कई परिसरों को जांच के दायरे में लिया गया है. बताया जा रहा है कि उनके कुछ रिश्तेदारों के यहां भी आर्थिक अपराध इकाई की टीम दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों की पड़ताल कर रही है.

जानकारी यह भी सामने आई है कि आर्थिक अपराध इकाई ने संगठित अपराध की जांच के लिए एक विशेष विंग का गठन किया है. इसी विशेष इकाई ने संबंधित मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू की है. अधिकारियों की ओर से फिलहाल बरामदगी या गिरफ्तारी को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई है.

छापेमारी से संबंधित क्षेत्रों में दिनभर हलचल का माहौल बना रहा और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग घटनास्थलों के आसपास जुटे रहे. आर्थिक अपराध इकाई की कार्रवाई पूरी होने के बाद मामले में और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है.

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट--