BIG BREAKING : 21 लाख के चेक पर विवाद, शहीद फ्लाइट लेफ्टिनेंट शुभम कुमार के परिवार ने उठाए सवाल
पटना: असम के जोरहाट में हुए विमान हादसे में शहीद हुए फ्लाइट लेफ्टिनेंट शुभम कुमार की शहादत के बाद उनके परिवार में मुआवजा राशि और कथित कोर्ट मैरिज को लेकर विवाद खड़ा हो गया है. जहानाबाद निवासी शहीद अधिकारी के पिता अमरेंद्र शर्मा ने दावा किया है कि परिवार को शुभम की शादी की कोई जानकारी नहीं थी,लेकिन एक युवती को उनकी पत्नी बताते हुए 21 लाख रुपये की सहायता राशि का चेक सौंप दिया गया.
अमरेंद्र शर्मा के अनुसार,परिवार ने शुभम की शादी नवंबर 2026 में हिंदू रीति-रिवाज से कराने की तैयारी कर रखी थी. घर में विवाह की तैयारियां चल रही थीं और रिश्तेदारों को भी इसकी जानकारी दी जा चुकी थी. ऐसे में अचानक कोर्ट मैरिज की बात सामने आने से पूरा परिवार हैरान है. पिता का कहना है कि यदि शुभम ने कोर्ट मैरिज की थी तो इसकी जानकारी परिवार को कभी नहीं दी गई.
शहीद के पिता ने यह भी कहा कि यदि संबंधित युवती वास्तव में उनके बेटे की विधिवत पत्नी हैं,तो उन्हें परिवार के साथ खड़ा होना चाहिए और सभी सामाजिक एवं धार्मिक दायित्व निभाने चाहिए. उन्होंने यहां तक कहा कि पत्नी होने का दावा करने वाली युवती को श्राद्धकर्म सहित अन्य पारिवारिक रस्मों में शामिल होना चाहिए.
यह मामला केवल पारिवारिक विवाद तक सीमित नहीं है,बल्कि शहीद सैनिकों को मिलने वाले मुआवजे,कानूनी उत्तराधिकार और आश्रितों के अधिकारों से भी जुड़ा है. ऐसे मामलों में वैवाहिक स्थिति का स्पष्ट होना बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है. यदि कोर्ट मैरिज के दस्तावेज मौजूद हैं,तो कानूनी रूप से स्थिति स्पष्ट हो सकती है,लेकिन यदि परिवार को इसकी जानकारी नहीं थी तो विवाद और गहरा सकता है.
फिलहाल इस मामले में संबंधित युवती या प्रशासन की ओर से कोई विस्तृत आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है. शहीद अधिकारी की शहादत पर पूरा देश गर्व कर रहा है,लेकिन इस विवाद ने परिवार के दुख को और बढ़ा दिया है तथा कई कानूनी और सामाजिक सवाल खड़े कर दिए हैं.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट--





