भीषण सड़क हादसा : चतरा में तेज रफ्तार कार ने चार किशोरों की ली जान,गुस्साए लोगों ने किया सड़क जाम

Edited By:  |
bhisan sadak hadsa bhisan sadak hadsa

चतरा:जिले के कोयलांचल पिपरवार थाना क्षेत्र के चिरैयाटांड़ में बाइक और कार में भीषण टक्कर होने पर चार किशोरों की मौके पर ही मौत हो गई. सभी युवक ज्ञान दीप विद्या निकेतन, तरवां के छात्र थे. बताया जा रहा है कि विपरीत दिशा से आ रही तेज रफ्तार कार ने बेकाबू होकर बाइक में जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में तीन की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी थी. वहीं, गंभीर रूप से जख्मी सोनू कुमार महतो की रिम्स ले जाने के दौरान रास्ते में जान चली गई.

हादसे में चार नाबालिग दोस्तों की दर्दनाक मौत की सूचना मिलते ही मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया. मृतकों के परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है. घटना से आक्रोशित लोगों ने पिपरवार-टंडवा मार्ग जाम कर दिया. घटना के करीब 15 घंटे बीत जाने के बाद भी घटनास्थल के आस-पास लोगों की भीड़ जुटी हुई है. इस दौरान आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर वाहनों का परिचालन बाधित कर दिया.

वहीं, कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. गुस्साए लोगों ने आश्रितों को मुआवजा, नौकरी व अन्य सरकारी लाभ देने की मांग पर घंटों अड़े रहे. इधर, ग्रामीणों को बड़कागांव की पूर्व विधायक अंबा प्रसाद का भी साथ मिला है. मौके पर सिमरिया के प्रभारी एसडीओ सह डीटीओ चतरा महेश्वरी प्रसाद, एसडीपीओ टंडवा प्रभात रंजन बरवार, टंडवा बीडीओ के अलावे पिपरवार थाना प्रभारी, टंडवा थाना प्रभारी के साथ-साथ पुलिस निरीक्षक व भारी संख्या में पुलिस के जवान मौजूद रहे. अधिकारी और जवान आक्रोशित भीड़ को समझा-बुझाकर शांत कराने का प्रयास किया. मुआवजा मिलने के आश्वासन के बाद ही गुस्साए लोगों ने जाम हटाया.