सासाराम : बिहार के चर्चित बादल हत्याकांड में केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पटना की विशेष सीबीआई मजिस्ट्रेट अदालत में चार्जशीट दाखिल कर दी है. इस मामले में सासाराम के तत्कालीन ट्रैफिक डीएसपी मोहम्मद आदिल बिलाल को मुख्य आरोपी बनाया गया है. उनके अलावा तीन अन्य पुलिसकर्मियों को भी आरोपी के रूप में नामजद किया गया है. चार्जशीट दाखिल होने के बाद पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई है.

सीबीआई की ओर से दाखिल आरोपपत्र में तत्कालीन ट्रैफिक डीएसपी मोहम्मद आदिल बिलाल के साथ उनके बॉडीगार्ड सिपाही चंद्रमौली नागिया को आरोपी बनाया गया है. इसके अलावा सासाराम ट्रैफिक थाने में उस समय तैनात रहे दो तत्कालीन सब-इंस्पेक्टर भागीरथ कुमार और सुभाष कुमार के नाम भी चार्जशीट में शामिल हैं. मोहम्मद आदिल बिलाल फिलहाल समस्तीपुर में रेल डीएसपी के पद पर कार्यरत बताए जा रहे हैं.

जांच एजेंसी ने चारों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की कई गंभीर धाराओं के तहत आरोप लगाए हैं. इनमें धारा 103 के तहत हत्या, धारा 109 के तहत हत्या का प्रयास, धारा 308 के तहत रंगदारी और धारा 238/239 के तहत सबूत मिटाने तथा अपराधी को बचाने से संबंधित आरोप शामिल हैं.

इस मामले में सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि सीबीआई द्वारा अदालत में चार्जशीट दाखिल किए जाने तक चारों आरोपियों में से किसी की भी गिरफ्तारी नहीं हुई है. ऐसे में अब मामले की न्यायिक प्रक्रिया और आरोपियों के खिलाफ आगे होने वाली कार्रवाई पर सबकी नजरें टिकी हैं.

बादल हत्याकांड में पुलिस अधिकारियों और कर्मियों के नाम सामने आने के बाद यह मामला एक बार फिर चर्चा में आ गया है. हालांकि, अदालत में आरोप साबित होना अभी बाकी है. मामले में अंतिम फैसला न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही सामने आएगा.

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-