आज 24 नवंबर, मंगलवार की सुबह झारखंड की राजधानी रांची समेत राज्य के कई हिस्सों में उस वक्त अचानक हलचल मच गई, जब लोगों ने भूकंप जैसे कंपन महसूस होने की बात कही। सुबह करीब 7 बजे का वक्त था, लोग अपनी दिनचर्या की शुरुआत कर रहे थे कि तभी घरों में रखे सामान और फर्नीचर में हल्की हलचल महसूस हुई। कुछ ही सेकेंड के इस कंपन ने लोगों को चौंका दिया और देखते ही देखते सोशल मीडिया से लेकर मोहल्लों तक भूकंप की चर्चा तेज हो गई। रांची के लोवाडीह, खेलगांव और बहू बाजार समेत

कई इलाकों के स्थानीय लोगों का दावा है कि सुबह करीब 7 बजे उन्हें कुछ सेकेंड तक धरती डोलती हुई महसूस हुई। कई लोगों ने बताया कि बेड, कुर्सी और घरों में रखे बर्तन हल्के से हिलते नजर आए। घबराए हुए लोग तुरंत अपने-अपने घरों से बाहर निकल आए और एक-दूसरे से पूछने लगे कि क्या उन्हें भी झटके महसूस हुए हैं। हालांकि, प्रशासन या आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से रांची में भूकंप आने की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है, लेकिन लोगों के अनुभवों ने शहर में कौतूहल और चिंता दोनों बढ़ा दी है।

रांची में कंपन की इन खबरों के बीच एक बड़ी खबर पड़ोसी देश नेपाल से सामने आई। जानकारी के मुताबिक, ठीक उसी समय यानी मंगलवार सुबह करीब 7 बजकर 2 मिनट पर नेपाल के कोशी प्रांत में 5.3 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया। इस भूकंप का केंद्र जमीन से करीब 10 किलोमीटर की गहराई में था। चूंकि नेपाल में भूकंप आने का समय और रांची में कंपन महसूस होने का समय लगभग एक ही है, इसलिए अब इस बात पर चर्चा तेज हो गई है कि क्या नेपाल में आए 5.3 तीव्रता के भूकंप की तरंगें झारखंड की राजधानी रांची तक महसूस की गईं?