सिख धर्म के संस्थापक और प्रथम गुरु, श्री गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व के पावन अवसर पर आज राजधानी रांची में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है। गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा, मेन रोड के तत्वावधान में आज गुरु नानक स्कूल परिसर में भव्य और विशेष दीवान सजाया जा रहा है।कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 9 बजे से 10 बजे तक श्री सहज पाठ साहिब की समाप्ति के साथ होगी। इसके बाद सुबह 10:30 बजे से दोपहर 2:30 बजे तक विशेष दीवान सजेगा, जिसमें संगत गुरुबाणी और कीर्तन का आनंद लेगी।

इस पावन मौके पर देश के प्रसिद्ध रागी और कथावाचक भी रांची पहुंच रहे हैं। चंडीगढ़ से पधारे भाई बलविंदर सिंह जी 'रंगीला' अपने मधुर शब्द गायन से संगत को निहाल करेंगे, वहीं दिल्ली के ज्ञानी हरजीत सिंह जी गुरु नानक देव जी के जीवन और उनके उपदेशों पर कथा वाचन करेंगे।भक्ति का यह सिलसिला यहीं नहीं थमेगा। शाम 7 बजे से रात 12 बजे तक मेन रोड स्थित गुरुद्वारा साहिब में रात्रि कालीन विशेष दीवान सजाया जाएगा।

प्रकाश पर्व के इस भव्य आयोजन में राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भी शामिल होकर गुरु महाराज का आशीर्वाद लेंगे। वहीं, राज्यपाल रात में गुरुद्वारा साहिब में सजने वाले रात्रि कालीन दीवान में हिस्सा लेंगे।गुरु नानक देव जी की 'संगत और पंगत' की परंपरा को निभाते हुए, गुरु नानक स्कूल सभागार के बेसमेंट में अटूट लंगर की भी व्यवस्था की गई है, जहां हजारों श्रद्धालु एक साथ बैठकर प्रसाद ग्रहण करेंगे।