झारखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण, यानी एसआईआर (SIR) की प्रक्रिया के दौरान एक बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है। वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने के लिए फर्जी जन्म प्रमाणपत्रों के इस्तेमाल के मामले लगातार पकड़े जा रहे हैं। रांची, पलामू और गढ़वा के बाद अब पाकुड़ विधानसभा क्षेत्र में भी सुपर चेकिंग के दौरान फर्जी जन्म प्रमाणपत्र पकड़ा गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए राज्य के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रविकुमार ने सख्त रुख अपनाया है। सोमवार को निर्वाचन सदन से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए हुई समीक्षा बैठक में उन्होंने राज्य के सभी जिलों के निर्वाचन पदाधिकारियों को हाई अलर्ट पर रहने का निर्देश दिया है। के.
रविकुमार ने साफ कर दिया है कि न केवल फर्जी दस्तावेज जमा करने वाले आवेदकों पर, बल्कि ऐसे फर्जी प्रमाणपत्र बनवाने और उपलब्ध कराने वाले गिरोह या सहयोगियों पर भी सीधा कानूनी एक्शन लिया जाएगा। पाकुड़ के ताजा मामले में भी जिला निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी को एफआईआर और कानूनी कार्रवाई के निर्देश दे दिए गए हैं। समीक्षा बैठक के दौरान एक और बड़ी प्रशासनिक लापरवाही सामने आई। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने पाया कि कई आवेदनों में आवेदक के माता-पिता का नाम और उनका वोटर आईडी यानी एपिक (EPIC) नंबर मौजूद होने के बावजूद, उसे गणना प्रपत्र और आदेश पत्रक में दर्ज नहीं किया जा रहा है। इस पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने निर्देश दिया कि 'ईसीआई-नेट' (ECINET) पर उपलब्ध एपिक नंबर का सही से सत्यापन कर उसे अनिवार्य रूप से दर्ज किया जाए। साथ ही, पिछली एसआईआर मतदाता सूची में दर्ज माता-पिता के विवरण को आवेदक के रिकॉर्ड से लिंक करना भी जरूरी होगा। इसके अलावा, किसी भी आवेदन की सुनवाई पूरी होने के बाद ईआरओ (ERO) और एईआरओ (AERO) को बाकायदा कारण बताते हुए 'स्पीकिंग ऑर्डर' पारित करना होगा। चुनाव आयोग का यह कदम साफ संदेश देता है कि मतदाता सूची की पारदर्शिता से कोई समझौता नहीं होगा।
