राजधानी रांची में मांस खरीदने और बेचने की पूरी व्यवस्था जल्द ही बदलने जा रही है। अब शहर के मांस दुकानदार अपनी मर्ज़ी से या बिना नियमों के अपनी दुकानों पर बकरा, बकरी और भेड़ की कटाई नहीं कर पाएंगे। रांची नगर निगम इसके लिए एक सख्त व्यवस्था लागू करने जा रहा है, जिसकी शुरुआत पांच दिसंबर से होने वाले ट्रायल रन के साथ होगी। रांची नगर निगम ने कांके स्थित आधुनिक स्लॉटर हाउस को दोबारा चालू करने की तैयारी तेज़ कर दी है। नई व्यवस्था के तहत, पांच दिसंबर से यहां ट्रायल रन शुरू किया जाएगा। ट्रायल पूरा होने के बाद शहर के सभी मीट दुकानदारों के लिए यह अनिवार्य होगा कि वे बकरा, बकरी और भेड़ की कटाई निर्धारित नियमों के तहत सिर्फ़ कांके स्लॉटर हाउस में ही कराएं।
खास बात यह है कि इस स्लॉटर हाउस की क्षमता काफी बड़ी है। यहां प्रतिदिन एक हजार बकरा, बकरी और भेड़ की कटाई की जा सकती है। निगम का मानना है कि इससे शहर की मांग आसानी से पूरी होगी और मांस की कटाई से लेकर आपूर्ति तक की पूरी प्रक्रिया एक व्यवस्थित और कानूनी दायरे में आ जाएगी।पांच दिसंबर की डेडलाइन को देखते हुए कांके स्लॉटर हाउस में युद्धस्तर पर काम चल रहा है। परिसर में विशेष सफाई अभियान चलाकर झाड़ियों की कटाई और पेड़ों की छंटाई की जा रही है। फर्श और दीवारों को चमकाने के लिए हाई-प्रेशर वाटर गन का इस्तेमाल हो रहा है और कचरे के नियमित उठाव की व्यवस्था की गई है।
सिर्फ़ सफाई ही नहीं, बल्कि तकनीकी तैयारियां भी पूरी की जा रही हैं। इंजीनियरिंग टीम स्लॉटर हाउस में लगी आधुनिक मशीनों और उपकरणों की मरम्मत में जुटी है। इसके साथ ही बिजली व्यवस्था को दुरुस्त करने, मुख्य भवन की पेंटिंग और ज़रूरी सिविल कार्यों को भी तेज़ी से निपटाया जा रहा है।रांची नगर निगम के सहायक लोक स्वास्थ्य पदाधिकारी डॉ. आनंद शेखर झा के मुताबिक, नगर आयुक्त के निर्देश पर सभी तैयारियां तय समय-सीमा में पूरी की जा रही हैं। स्लॉटर हाउस शुरू होने के बाद नियमों का सख्ती से पालन कराने के लिए एक विशेष निगरानी व्यवस्था भी बनाई जाएगी।
निगम का दावा है कि इस कदम से शहर की सड़कों और गलियों में खुले व अस्वच्छ तरीके से मांस काटने और बेचने पर पूरी तरह रोक लगेगी। इससे न केवल शहर में गंदगी कम होगी, बल्कि रांची के नागरिकों को भी हाइजीनिक और साफ-सुथरा मांस मिल सकेगा।
