रांची पुलिस को मिली बड़ी सफलता : अवैध हथियार सप्लाई करने के आरोप में तीन शातिर अपराधी गिरफ्तार
रांची:राजधानी में अवैध हथियार तस्करी के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है. रांची के मांडर थाना क्षेत्र से पुलिस ने तीन शातिर अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है. अपराधियों पर अवैध हथियारों की सप्लाई करने का आरोप है.पुलिस ने आरोपियों के पास से तीन पिस्टल, 10 जिंदा कारतूस, चार मैगजीन और मोबाइल बरामद किए हैं.
पुलिस के अनुसार, इस पूरे नेटवर्क का मास्टरमाइंड अभिषेक शर्मा है,जो बिहार से अवैध पिस्तौल लाकर रांची के अपराधियों को सप्लाई करता था.पूछताछ में खुलासा हुआ कि अभिषेक शर्मा एक पिस्तौल करीब 35 हजार रुपये में बेचता था. गिरफ्तार आरोपियों में विशाल सिंह, अभिषेक शर्मा और करण गोप शामिल है.
बताया जा रहा है कि इससे पहले सोनू अंसारी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस को इस आर्म्स तस्करी नेटवर्क की अहम जानकारी मिली थी, जिसके आधार पर यह कार्रवाई की गई है. फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुटी हुई है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस गिरोह के तार और कहां-कहां जुड़े हुए हैं.





