Hindi News / जमशेदपुर पुलिस ने मुख्य आरोपियों में शामिल विक्की सिंह को धर दबोचा

राहुल बच्चा हत्याकांड में बड़ी सफलता : जमशेदपुर पुलिस ने मुख्य आरोपियों में शामिल विक्की सिंह को धर दबोचा

Edited By:  |
rahul singh hatyakand mein badi safalta rahul singh hatyakand mein badi safalta

जमशेदपुर:राहुल सिंह उर्फ राहुल बच्चा हत्याकांड में पुलिस को एक बार फिर बड़ी सफलता मिली है. इस मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपियों में शामिल विक्की सिंह उर्फ अप्पा राव को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है.आरोपी लगातार ठिकाना बदलकर पुलिस से बचने की कोशिश कर रहा था,लेकिन तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर पुलिस ने उसे बिरसानगर थाना क्षेत्र से धर दबोचा.

8 जुलाई घटना में पुलिस की बड़ी कार्रवाई

बता दें कि 8 जुलाई की शाम मानगो थाना क्षेत्र के गुरुद्वारा रोड स्थित मजार के पास राहुल सिंह उर्फ राहुल बच्चा की डंडे, पत्थर और लकड़ी से हमला करने के बाद गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. घटना के बाद मृतक के भाई की शिकायत पर मानगो थाना में हत्या और आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया. इसी क्रम में 12 जुलाई को फरार आरोपी विक्की सिंह उर्फ अप्पा राव उर्फ बल्लू को बिरसानगर थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया.

गिरफ्तार आरोपी पर गंभीर धाराओं के तहत कई मामले दर्ज

पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार की. इस हत्याकांड में इससे पहले साहेब सिंह उर्फ सब्बे, सौरभ दत्ता उर्फ बंगाली, अफताब अली बाबा और अमरजीत प्रसाद उर्फ पाण्डेय को भी गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है. पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है. उसके खिलाफ सिदगोड़ा और मानगो थाना में पहले से हत्या, मारपीट और अन्य गंभीर धाराओं के तहत कई मामले दर्ज हैं. पुलिस का कहना है कि इस चर्चित हत्याकांड में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है.