पटना : बड़ी खबर पटना से है जहां बुद्धा कॉलोनी थाना क्षेत्र के चकराम में 23 सितंबर को पार्षद पति अनिल कुमार यादव पर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है. पुलिस के मुताबिक, मामले में अब तक कुल 8 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि एक आरोपी की गिरफ्तारी अभी बाकी है.

सिटी एसपी सेंट्रल ममता कल्याणी के अनुसार, ताजा कार्रवाई में मुख्य अभियुक्त शंकर राय समेत चार आरोपियों को पकड़ा गया है.

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शंकर राय,रंजीत कुमार,पप्पू और जितेंद्र कुमार के रूप में हुई है. पुलिस जांच में सामने आया है कि अनिल कुमार यादव की हत्या के लिए 5 लाख रुपये की सुपारी दी गई थी. पुलिस के अनुसार,जितेंद्र कुमार की राहुल सहनी से नजदीकी थी और राहुल सहनी के जरिए शूटर उपलब्ध कराए गए थे. वारदात में इस्तेमाल हथियार भी पुलिस ने बरामद कर लिया है. 2017 से रंजिश चली आ रही थी.

पुलिस के मुताबिक,गोलीकांड के पीछे 2017 से चली आ रही पुरानी रंजिश बताई जा रही है. यह विवाद वार्ड पार्षद के चुनाव से जुड़ा बताया गया है. मुख्य आरोपी शंकर राय ने पुलिस को बताया है कि अनिल यादव ने उसे दो बार झूठे मामलों में जेल भिजवाया था. हालांकि,इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि जांच के स्तर पर की जानी बाकी है.

पुलिस के अनुसार,मुख्य आरोपी शंकर राय का आपराधिक इतिहास रहा है. उसके खिलाफ हत्या,लूट और चोरी का सामान रखने समेत करीब 12 से 13 मामले दर्ज होने की बात पुलिस ने बताई है.

इस मामले में बुद्धा कॉलोनी थाना कांड संख्या 583/26 दर्ज है. एसडीपीओ विधि-व्यवस्था के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए पहले चार और अब चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस अब नौवें आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है.

विवेक कुमार रॉय की रिपोर्ट-