बेतिया: पश्चिम चंपारण में बाढ़ की भयावह स्थिति के बीच लौरिया विधानसभा के भाजपा विधायक विनय बिहारी ने जिला प्रशासन और सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है. बाढ़ पीड़ितों को पर्याप्त राहत और सुविधाएं नहीं मिलने का आरोप लगाते हुए विधायक ने समाहरणालय परिसर में गमछा बिछाकर धरने पर बैठ गए.

बाढ़ राहत को लेकर समाहरणालय में गमछा बिछाकर धरने पर बैठे विधायक विनय बिहारी, बोले- सम्राट चौधरी के आने तक नहीं उठूंगा

विधायक विनय बिहारी ने कहा कि,जैसी आपदा है,वैसी व्यवस्था नहीं है और मेरे पास भी कोई रास्ता नहीं है. उन्होंने मांग की कि बाढ़ प्रभावित लोगों को पॉलिथीन,राशन और अन्य जरूरी राहत सामग्री पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध कराई जाए. विधायक का आरोप है कि कुछ इलाकों में राहत सामग्री पहुंची है,लेकिन कई बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में अभी भी लोग सुविधाओं से वंचित हैं.

धरने के दौरान विधायक ने शायरी के अंदाज में कहा—दुख है,दर्द है,मैं आह भर रहा हूं,अपने राजा के आने का इंतजार कर रहा हूं. ऊपर श्रीहरि,नीचे सम्राट चौधरी.

विनय बिहारी ने कहा कि वह चाहते हैं कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी स्वयं बाढ़ प्रभावित इलाकों का निरीक्षण करें और राहत व्यवस्था को दुरुस्त कराएं. उन्होंने कहा कि जब तक सम्राट चौधरी बाढ़ क्षेत्र का जायजा लेने नहीं आते,तब तक वह धरने से नहीं उठेंगे.

विधायक के मुताबिक,वह करीब चार घंटे तक जिलाधिकारी समेत कई अधिकारियों से मिलने का इंतजार करते रहे,लेकिन मुलाकात नहीं हुई. इसके बाद उन्होंने गमछा बिछाकर धरना शुरू कर दिया. धरने की सूचना मिलने के बाद बेतिया डीडीसी काजले वैभव नितिन ने विधायक से बातचीत शुरू की,लेकिन विधायक अपनी मांग पर कायम रहे.

उन्होंने कहा कि,हेलीकॉप्टर गरजेगा,उसको देखेंगे और अपना गमछा उठाकर चले जाएंगे,लेकिन तब तक बैठे रहेंगे जब तक मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी नहीं आएंगे.

बेतिया से दीपक कुमार की रिपोर्ट-