पटना:SIR को लेकर कल दिल्ली में INDIA गठबंधन की अहम बैठक होने जा रही है. 30 सितंबर को होने वाली इस बैठक में SIR, चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और चुनाव प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों पर विपक्षी दल साझा रणनीति पर चर्चा करेंगे.
RJD और कांग्रेस चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता और पारदर्शिता को लेकर सवाल उठा रहे हैं,जबकि BJP और JDU विपक्ष के आरोपों को राजनीति से प्रेरित बता रहे हैं.बैठक के बाद INDIA गठबंधन की आगे की रणनीति सामने आने की संभावना है.

इंडिया गठबंधन की कल होने वाली बैठक में SIR सहित देश के अन्य ज्वलंत मुद्दों पर चर्चा होगी. खास तौर पर महंगाई, नौजवानों के मुद्दे और बेटियों की सुरक्षा से जुड़े सवालों को बैठक में उठाया जाएगा. RJD का कहना है कि जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर INDIA गठबंधन आगे भी संघर्ष और आंदोलन जारी रखेगा. तेजस्वी यादव भी बैठक में शामिल होंगे और बैठक के बाद SIR समेत अन्य मुद्दों पर आगे की रणनीति स्पष्ट की जाएगी.
BJP ने INDIA गठबंधन की बैठक और विपक्ष के आरोपों पर सवाल उठाए हैं. BJP प्रवक्ता का कहना है कि विपक्ष चुनाव परिणाम के आधार पर चुनाव आयोग की भूमिका पर सवाल उठाता है.उनका कहना है कि जिस चुनाव आयोग के जरिए विपक्ष के नेता चुनाव जीतते हैं, उसी चुनाव प्रक्रिया पर हार के बाद सवाल उठाए जाते हैं. BJP ने विपक्ष से चुनाव प्रक्रिया पर आपत्ति होने की स्थिति में अपने नेताओं और निर्वाचित प्रतिनिधियों की भूमिका स्पष्ट करने की मांग की है.

JDU ने INDIA गठबंधन की बैठक को लेकर विपक्ष पर निशाना साधा है. पार्टी का कहना है कि SIR को चुनावी मुद्दा बनाने और चुनाव आयोग पर सवाल उठाने के बावजूद विपक्ष को जनता का समर्थन नहीं मिला.
JDU प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि विपक्ष अपनी राजनीतिक विफलताओं से ध्यान हटाने के लिए बैठकें कर रहा है और परिवारवाद तथा भ्रष्टाचार के मुद्दों से घिरा हुआ है.
जबकि,कांग्रेस का कहना है कि चुनाव आयोग एक संवैधानिक संस्था है और उसकी निष्पक्षता एवं पारदर्शिता लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण है.पार्टी SIR और मतदाता पुनरीक्षण की प्रक्रिया को लेकर उठाए गए सवालों पर स्पष्ट जवाब की मांग कर रही है। कांग्रेस का कहना है कि चुनाव आयुक्तों के बीच सामने आई आपत्तियों और चुनाव प्रक्रिया से जुड़े सवालों को सार्वजनिक रूप से स्पष्ट किया जाना चाहिए.पार्टी की मांग है कि पूरी चुनाव प्रक्रिया निष्पक्ष और पारदर्शी हो तथा मतदाता सूची से जुड़े हर सवाल का उचित जवाब दिया जाए.

