पटना : बिहार की राजधानी पटना में 26 नवंबर को राष्ट्रीय दुग्ध दिवस 2026 का आयोजन किया जाएगा. इस अवसर पर डेयरी और पशुपालन क्षेत्र से जुड़ी कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का लोकार्पण और नई पहलों की शुरुआत होगी. कार्यक्रम का आयोजन पटना के बापू सभागार में किया जाएगा, जिसमें केंद्रीय मत्स्य पालन, पशुपालन एवं डेयरी मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे.

कार्यक्रम में बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल और बिहार के डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन मंत्री नंदकिशोर राम भी मौजूद रहेंगे.

राष्ट्रीय दुग्ध दिवस के मौके पर बिहटा के सिकंदरपुर स्थित नमस्ते इंडिया के दो लाख लीटर प्रतिदिन क्षमता वाले मिल्क प्रोसेसिंग प्लांट को राष्ट्र को समर्पित किया जाएगा. इसके साथ ही पटना के वीपीएमयू और मुजफ्फरपुर के तिमुल में मिनरल मिक्सचर प्लांट तथा समस्तीपुर के मिथिला मिल्क यूनियन में एफ्लुएंट ट्रीटमेंट प्लांट का भी लोकार्पण होगा.

इस दौरान डेयरी सहकारी समितियों और मिल्क प्रोड्यूसर संगठनों की रेटिंग एवं ग्रेडिंग के लिए एसओपी और ऑनलाइन पोर्टल लॉन्च किया जाएगा. साथ ही देश के पशुधन एवं डेयरी क्षेत्र के लिए क्लाइमेट रेजिलिएंट रोडमैप जारी किया जाएगा. कार्यक्रम में बेसिक एनिमल हसबेंड्री स्टैटिस्टिक्स 2026 का भी विमोचन होगा.

इसके अलावा राष्ट्रीय गोपाल रत्न पुरस्कार 2026 प्रदान किए जाएंगे. देशी गाय और भैंस की नस्लों के संरक्षण तथा डेयरी विकास में योगदान देने वालों को सम्मानित किया जाएगा. सुधा ब्रांड के तहत मखाना खीर और रबड़ी भी लॉन्च की जाएगी.

राष्ट्रीय दुग्ध दिवस का आयोजन श्वेत क्रांति के जनक डॉ. वर्गीज कुरियन की जयंती के अवसर पर किया जाता है. इस आयोजन का उद्देश्य दुग्ध उत्पादन, पशुपालन और डेयरी सहकारिता को बढ़ावा देना है.