चतरा जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे 'ऑपरेशन क्लीन' के तहत चतरा पुलिस को एक बार फिर बड़ी सफलता हाथ लगी है। सदर थाना क्षेत्र के शेरेगड्डा नाला के पास से पुलिस ने छापेमारी कर एक अफीम तस्कर को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार तस्कर के पास से एक किलो 80 ग्राम गीली अफीम बरामद की गई है, जिसका अनुमानित बाजार मूल्य करीब 5 लाख रुपये आँका गया है। एसडीपीओ सन्नी वर्धन नें बताया कि पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि सदर थाना अंतर्गत शेरेगड्डा नाला के समीप एक व्यक्ति अवैध रूप से स्टील के केन में अफीम लेकर बिक्री के उद्देश्य से जा रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। उन्होंने बताया कि गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शेरेगड्डा नाला के पास घेराबंदी की। इसी दौरान एक युवक अपने हाथ में स्टील का केन लेकर आता दिखाई दिया। पुलिस बल पर नजर पड़ते ही युवक घबरा गया और मौके से भागने की कोशिश करने लगा। हालांकि, मौके पर मौजूद सशस्त्र बल के जवानों ने मुस्तैदी दिखाते हुए उसे खदेड़कर पकड़ लिया। जिसके बाद विधिवत तलाशी लेने पर उसके हाथ में मौजूद स्टील के केन से एक किलो 80 ग्राम अवैध अफीम जैसा गीला पदार्थ बरामद हुआ।

पिता भी रह चुका है अफीम तस्कर

गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान प्रतापपुर थाना क्षेत्र के सिन्दुरिया निवासी देवराज यादव के 20 वर्षीय पुत्र अखिलेश कुमार के रूप में हुई है। एसडीपीओ नें बताया कि पुलिस की कड़ी पूछताछ में आरोपी ने चौंकाने वाला खुलासा करते हुए बताया कि उसके पिता भी अवैध अफीम के कारोबार से जुड़े रहे हैं और पूर्व में अफीम तस्करी के मामले में जेल भी जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि पुलिस ने इस संबंध में सदर थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

जारी रहेगा अभियान और कसेगा नकेल : एसडीपीओ

मामले की जानकारी देते हुए सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सन्नी वर्धन ने बताया कि जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। गुप्त सूचना के आधार पर टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अफीम के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में इसके पारिवारिक आपराधिक इतिहास की भी जानकारी मिली है। इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उन पर भी शिकंजा कसा जाएगा। उन्होंने बताया कि अभियान में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर के अलावे पुलिस निरीक्षक सह सदर थाना प्रभारी अनिल उरांव, पुलिस अवर निरीक्षक प्रियेश प्रसुन व सदर थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।