पटना : बिहार की राजधानी पटना में 26 नवंबर को राष्ट्रीय दुग्ध दिवस 2026 का आयोजन किया जाएगा. इस मौके पर राज्य में डेयरी और पशुपालन क्षेत्र से जुड़ी कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं की शुरुआत और लोकार्पण होगा. कार्यक्रम का आयोजन पटना के बापू सभागार में किया जाएगा. केंद्रीय मत्स्य पालन, पशुपालन एवं डेयरी मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे. बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल और बिहार के डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन मंत्री नंदकिशोर राम भी मौजूद रहेंगे.

इस अवसर पर ललन सिंह राष्ट्रीय गोपाल रत्न पुरस्कार 2026 प्रदान करेंगे. यह पुरस्कार देशी गाय और भैंस की नस्लों के संरक्षण, डेयरी विकास और पशुधन उत्पादकता बढ़ाने में उल्लेखनीय योगदान देने वाले पशुपालकों, कृत्रिम गर्भाधान तकनीशियनों और डेयरी सहकारी समितियों को दिया जाएगा.

कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण पटना के बिहटा स्थित सिकंदरपुर में नमस्ते इंडिया के दो लाख लीटर प्रतिदिन क्षमता वाले मिल्क प्रोसेसिंग प्लांट का राष्ट्र को समर्पण होगा. इसके अलावा पटना के वीपीएमयू और मुजफ्फरपुर के तिमुल में मिनरल मिक्सचर प्लांट तथा समस्तीपुर के मिथिला मिल्क यूनियन में एफ्लुएंट ट्रीटमेंट प्लांट भी समर्पित किया जाएगा.

इस दौरान डेयरी सहकारी समितियों और मिल्क प्रोड्यूसर संगठनों की रेटिंग एवं ग्रेडिंग के लिए एसओपी और ऑनलाइन पोर्टल लॉन्च किया जाएगा. भारत के पशुधन एवं डेयरी क्षेत्र के लिए क्लाइमेट रेजिलिएंट रोडमैप भी जारी होगा. साथ ही बेसिक एनिमल हसबेंड्री स्टैटिस्टिक्स 2026 का विमोचन किया जाएगा.

कार्यक्रम में सुधा ब्रांड की मखाना खीर और रबड़ी भी लॉन्च की जाएगी. साथ ही सुधा बिक्री केंद्रों की चाबियां वितरित होंगी. राष्ट्रीय दुग्ध दिवस श्वेत क्रांति के जनक डॉ. वर्गीज कुरियन की जयंती पर मनाया जाता है.

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-