Patna : पटना के एडीएम आपूर्ति रवींद्र कुमार दिवाकर और उनकी पत्नी, दानापुर की अवर निबंधक कुमारी स्वाती के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति के मामले में निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की कार्रवाई जारी है. निगरानी की टीम ने सोमवार को पटना और बेगूसराय स्थित दोनों के ठिकानों पर छापेमारी की थी. अब दंपती के आधा दर्जन से अधिक बैंक खातों को सील करने की कार्रवाई शुरू किए जाने की जानकारी सामने आई है.

निगरानी के आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, छापेमारी के दौरान बरामद संपत्तियों, निवेश और जमीन से जुड़े दस्तावेजों की जांच की जा रही है. संबंधित निबंधन कार्यालयों से भी दंपती के नाम पर दर्ज अन्य संपत्तियों की जानकारी जुटाई जा रही है.

छापेमारी में पटना के रूपसपुर स्थित आवास से70लाख रुपये से अधिक और बेगूसराय स्थित पैतृक आवास से करीब नौ लाख रुपये नकद मिलने की बात कही गई है. इसके अलावा बड़ी मात्रा में आभूषण, महंगी घड़ियां और निवेश से जुड़े कागजात भी बरामद किए गए हैं.

निगरानी के मुताबिक, फुलवारीशरीफ में पति-पत्नी के नाम खरीदी गई करीब7.8डिसमिल जमीन, पिता के नाम करीब3.9डिसमिल जमीन, बेगूसराय के बलिया में करीब20डिसमिल और बेगूसराय शहर में करीब3.9डिसमिल जमीन के दस्तावेज मिले हैं. इन अचल संपत्तियों की अनुमानित कीमत करीब तीन करोड़ रुपये बताई गई है.

निगरानी ब्यूरो अब बरामद दस्तावेजों और संपत्तियों का सत्यापन कर रहा है. मामले में आगे की कार्रवाई जांच पूरी होने के बाद की जाएगी.

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-