पटना में JDU की बड़ी बैठक : राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में नीतीश कुमार होंगे शामिल, नई रणनीति पर मंथन
पटना: जेडीयू कार्यालय के कर्पूरी सभागार में रविवार को राष्ट्रीय परिषद की महत्वपूर्ण बैठक होने जा रही है. यह बैठक कई मायनों में खास मानी जा रही है, क्योंकि मुख्यमंत्री पद छोड़ने के बाद पहली बार जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में नीतीश कुमार इसमें शामिल होंगे. इससे पहले जब भी वह पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष रहे,उनके पास मुख्यमंत्री की जिम्मेदारी भी रहती थी. दोपहर 3:00 से राष्ट्रीय परिषद की बैठक होगी. इस बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष के नाम पर मोहर लगेगी.
700 प्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना
जेडीयू के प्रदेश मुख्यालय स्थित कर्पूरी सभागार में होने वाली इस बैठक को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक में देशभर से करीब 700 प्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है. बैठक में संगठन को और मजबूत बनाने,उसके विस्तार और आगामी राजनीतिक रणनीति पर व्यापक चर्चा की जाएगी.
सामाजिक न्याय,सुशासन और विकास जैसे मुद्दों पर मंथन
प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने इस बैठक को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं में इसे लेकर भारी उत्साह है. उन्होंने बताया कि बैठक में सामाजिक न्याय, सुशासन और विकास जैसे मुद्दों पर मंथन होगा. साथ ही, बिहार में पिछले दो दशकों में नीतीश कुमार के नेतृत्व में हुए विकास कार्यों और बदलावों को राष्ट्रीय स्तर पर प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने के लिए एक ठोस रोडमैप तैयार किया जाएगा.
निशांत कुमार को मिल सकतीनई जिम्मेदारी
राजनीतिक गलियारों में इस बात की भी चर्चा है कि स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार को संगठन में कोई नई जिम्मेदारी दी जा सकती है. हालांकि इस संबंध में पार्टी की ओर से कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है. फिर भी बैठक के दौरान संगठनात्मक बदलावों और नए प्रस्तावों की घोषणा की संभावना से इनकार नहीं किया जा रहा है.कुल मिलाकर,जेडीयू की यह बैठक संगठन के भविष्य, नेतृत्व की भूमिका और आगामी राजनीतिक दिशा तय करने के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है.





