Hindi News / कार्यपालक पदाधिकारी विमल कुमार की हत्या पर भड़का गुस्सा,अधिकारी ने की सुरक्षा की...

पटना : कार्यपालक पदाधिकारी विमल कुमार की हत्या पर भड़का गुस्सा,अधिकारी ने की सुरक्षा की मांग

Edited By:  |
patna patna

BIHAR NEWS: डेहरी नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी (ईओ) विमल कुमार की हत्या के बाद बिहार के नगर निकायों के कार्यपालक अधिकारियों में भारी आक्रोश है। रविवार को दानापुर स्थित उनके आवास पर राज्य के विभिन्न नगर निकायों से बड़ी संख्या में अधिकारी पहुंचे और दिवंगत अधिकारी को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान अधिकारियों ने सरकार से अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग करते हुए कहा कि यदि जल्द ठोस कदम नहीं उठाए गए तो वे राज्यव्यापी आंदोलन शुरू करेंगे।

अधिकारियों का कहना है कि यह केवल एक अधिकारी की हत्या नहीं, बल्कि पूरे प्रशासनिक तंत्र पर हमला है। उन्होंने बताया कि पिछले करीब डेढ़ वर्ष में कार्यपालक अधिकारियों की हत्या की यह दूसरी घटना है, जबकि जानलेवा हमले की तीसरी वारदात सामने आई है। इसके बावजूद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कोई प्रभावी पहल नहीं की गई। अधिकारियों ने कहा कि पहले भी सरकार और नगर विकास एवं आवास विभाग से सुरक्षा की मांग की गई थी, लेकिन उस पर अमल नहीं हुआ।

कार्यपालक अधिकारियों ने मांग की कि सभी ईओ को सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए, विमल कुमार हत्याकांड की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराकर दोषियों को जल्द से जल्द कड़ी सजा दिलाई जाए, मृतक अधिकारी के आश्रित को गजेटेड रैंक की सरकारी नौकरी दी जाए तथा परिवार को पांच करोड़ रुपये का मुआवजा प्रदान किया जाए।

अधिकारियों ने यह भी कहा कि एसडीओ और डीएसपी जैसे अधिकारियों को सुरक्षा मिलती है, तो नगर निकायों के कार्यपालक अधिकारियों को भी समान सुरक्षा मिलनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि असामाजिक तत्व लगातार अधिकारियों पर दबाव बनाते हैं और ईमानदारी से काम करने वाले अधिकारियों को निशाना बनाया जाता है। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं लिया गया तो वे कार्य बहिष्कार, चक्का जाम और आवश्यकता पड़ने पर गंगा में जलसमाधि जैसे आंदोलनात्मक कदम उठाने के लिए बाध्य होंगे।