MGM मेडिकल कॉलेज अस्पताल की तस्वीर : पांच महीने से मानदेय नहीं मिलने पर महिला होमगार्ड फूट-फूटकर रो पड़ी,वीडियो वायरल
जमशेदपुर:एमजीएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल में सिस्टम की एक दर्दनाक तस्वीर सामने आई.जहां ड्यूटी पर तैनात महिला होमगार्ड फूट-फूटकर रो रही. अपना दर्द बयां करते हुए कहा कि मानदेय दीजिए नहीं तो मर जाएंगे. सोशल मिडिया पर यह वीडियो तेजी से वायरल हुआ है.
पिछले पांच महीने से मानदेय नहीं मिलने से तंग आकर अस्पताल में तैनात महिला होमगार्ड फूल कुमारी ड्यूटी के दौरान ही फूट-फूटकर रोने लगी. आर्थिक तंगी और मानसिक तनाव से जूझ रही महिला ने रोते हुए कहा-हमें पैसे दीजिए, नहीं तो हम मर जाएंगे. साथ ही चेताया कि अगर जल्दी ही भुगतान नहीं हुआ तो वह अस्पताल के छत से कूदकर जान दे देंगी. इस घटना से अस्पताल में हड़कंप मच गया. उस वक्त जवानों ने महिला को किसी तरह से संभाला.
एक सप्ताह पहले भी एक अन्य महिला होमगार्ड ने भी फिनाइल पीकर खुदकुशी की कोशिश कि थी,इलाज के बाद वह स्वस्थ्य होकर ड्यूटी पर लौट चुकी है.लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने बकाया मानदेय और होमगार्ड जवानों की आर्थिक स्थिति पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं.





