खुशी का पल गम में बदला : भांजी की शादी में पहुंचे मामा की गोली लगने से मौत, जांच में जुटी पुलिस
मुजफ्फरपुर : बड़ी खबर मुजफ्फरपुर से है जहां भांजी की शादी में शामिल होने पहुंचे युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से मौत हो गई. युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी है. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. यह घटना करजा थाना क्षेत्र के भटौना गांव का है.
बताया जा रहा है कि मुशहरी थाना क्षेत्र के तरौरा निवासी मृतक युवक रंजीत सहनी बुधवार की रात अपनी भांजी की शादी में शामिल होने के लिए भटौना गांव पहुंचे थे. एक ओर शादी की रस्में चल रही थी,वहीं दूसरी ओर दुल्हन के मामा की गोली लगने से मौत की खबर से अफरा-तफरी मच गई.
परिजनों का आरोप है कि रंजीत सहनी की हत्या की गई है. उन्होंने पुलिस से दोषियों की पहचान कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है. स्थानीय लोगों के अनुसार,बुधवार रात करीब ढाई बजे शादी समारोह के दौरान अज्ञात बदमाशों ने रंजीत सहनी को गोली मार दी और मौके से फरार हो गए.
मृतक के भाई ने भी हत्या की आशंका जताते हुए कुछ लोगों पर संदेह व्यक्त किया है. हालांकि अभी तक घटना के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है.
घटना के बाद पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है. शुरुआती जांच में हर्ष फायरिंग की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा रहा है,लेकिन फिलहाल किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी. घटना की जांच के लिए एफएसएल टीम को बुलाया गया है और वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं.
मौके पर सरैया एसडीपीओ अभिजीत कौर और ग्रामीण एसपी राजेश सिंह प्रभाकर भी पहुंचे तथा घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया है. वहीं घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है.
मुजफ्फरपुर से रविरंजन कुमार की रिपोर्ट-





