Hindi News / ज्वेलरी शॉप में सेंधमारी, एक लाख के चांदी के आभूषण लेकर फरार, व्यापारियों...

खलारी : ज्वेलरी शॉप में सेंधमारी, एक लाख के चांदी के आभूषण लेकर फरार, व्यापारियों ने की सुरक्षा की मांग

Edited By:  |
khalari khalari

रांची: खलारी थाना क्षेत्र के डकरा मुख्य बाजार स्थित गायत्री चौक के पास स्थित ज्वेलरी दुकान को चोरों ने निशाना बनाया. चोरों ने दुकान में सेंधमारी कर लगभग एक लाख रुपये के चांदी के आभूषण लेकर बड़े आराम चलते बने. घटना के बाद इलाके के व्यवसायियों में दहशत का माहौल है.

पीड़ित दुकानदार संतोष वर्मा ने बताया कि उनके घर में शादी का कार्यक्रम चल रहा था, जिसके कारण परिवार के सभी सदस्य उसी में व्यस्त थे. इसी बात का फायदा उठाते हुए चोरों ने दुकान के पीछे की दीवार में सेंध मारकर अंदर प्रवेश किया और दुकान में रखे चांदी के आभूषण सहित कई प्रकार के अन्य आभूषणों की चोरी कर फरार हो गए.

सुबह जब संतोष वर्मा दुकान खोलने पहुंचे, तब घटना की जानकारी हुई. इसके बाद तुरंत खलारी थाना पुलिस को सूचना दी गई. सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर सह थाना प्रभारी जयदीप टोप्पो और सब-इंस्पेक्टर देव कुमार दास दल बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की.

थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए रांची से फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया है. टीम के पहुंचने के बाद साक्ष्य जुटाकर चोरों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा. पुलिस ने जल्द ही मामले के खुलासे का दावा किया है.

गौरतलब है कि डकरा मुख्य बाजार में चोरी की घटनाएं पहले भी सामने आ चुकी हैं. इसी दुकान के पूर्व में एस्बेस्टस हटाकर चोरी का असफल प्रयास किया गया था. वहीं, पास में ही स्थित लक्ष्मी ज्वेलर्स में भी एक वर्ष पूर्व लाखों के आभूषण अज्ञात अपराधी लेकर फरार हो गए थे. जिसका अब तक खुलासा नहीं हो सका है.

लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से स्थानीय व्यवसायियों में भय और असुरक्षा का माहौल व्याप्त है. व्यापारियों ने पुलिस से बाजार क्षेत्र में रात्रि गश्ती बढ़ाने और सुरक्षा के ठोस इंतजाम करने की मांग की है.