गिरिडीह मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के बंदरकुप्पी में बीते 24 सितंबर की रात हुई मारपीट और युवक रितिक यादव उर्फ बड्डी की हत्या के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मंगलवार को गिरिडीह एसपी डॉ. बिमल कुमार ने प्रेसवार्ता कर पूरे मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सदर एसडीपीओ जीतबाहन उरांव के नेतृत्व में गठित SIT ने तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सतीश यादव और उसके सहयोगी अनुज कुमार यादव को गिरफ्तार किया।आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त बिना नंबर की सफेद रिनॉल्ट कार जब्त की गई है।

पुलिस ने घटनास्थल से रक्त के नमूने, तीन बांस की लाठियां, पेड़ की डाली और तीन जोड़ी चप्पल भी बरामद की हैं। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। वहीं, घटना में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की छापेमारी जारी है।