Hindi News / मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने पूरी की अपनी स्व गणना प्रक्रिया,अभियान को सफल बनाने...

जनगणना-2027 : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने पूरी की अपनी स्व गणना प्रक्रिया,अभियान को सफल बनाने की अपील

Edited By:  |
janganna-2027 janganna-2027

रांची:मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शुक्रवार को कांके रोड स्थित आवासीय कार्यालय में जनगणना-2027 के तहत स्व-गणना (self Enumeration) की प्रक्रिया पूरी की. जनगणना से जुड़े वरिष्ठ अधिकारियों ने ऑनलाइन स्व-गणना पोर्टल पर पंजीकरण करने से संबंधित प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी से अवगत कराया. इस अवसर पर हेमंत सोरेन ने समस्त झारखंड वासियों से जनगणना-2027 की प्रक्रिया में अपनी जिम्मेवारी निर्वहन करने की अपील की. मुख्यमंत्री ने समस्त राज्यवासियों से इस राष्ट्रीय जनगणना अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया. इस मौके पर विधायक कल्पना सोरेन भी मौजूद रहीं.

जनगणना प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी से हुए अवगत

मुख्यमंत्री के समक्ष जनगणना अधिकारियों ने जानकारी देते हुए बताया कि इस अभियान के तहत 01 मई से 15 मई तक स्व-गणना कार्य चलेगा. इसके पश्चात मकान सूचीकरण एवं मकान गणना कार्य 16 मई से 14 जून 2026 तक पूरे राज्य में किया जाएगा. इस गहन जनगणना अभियान के दौरान घर-घर जाकर प्रगणक से संबद्ध कर्मी डेटा संग्रह करेंगे. सभी जिलों में इस कार्य के लिए प्रशासनिक तैयारियां शुरू कर दी गई है.

जनगणना कार्य लोगों के भविष्य को सही दिशा देने का आधार है-सीएम

इस अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि जनगणना कार्य सिर्फ आंकड़े जुटाना नहीं बल्कि आमजनों के भविष्य को सही दिशा देने का आधार है. जनगणना से राज्य सरकार की योजनाओं को और ज्यादा प्रभावी तरीके से पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाने में मदद मिलेगी. मुख्यमंत्री ने इस कार्य के दौरान क्षेत्रीय भाषाओं के जानकार पदाधिकारी एवं कर्मियों को सम्मिलित किए जाने की बात जनगणना अधिकारियों से कहा है. मुख्यमंत्री ने कहा कि जनगणना-2027 का कार्य तकनीकी रूप से सराहनीय पहल है.

तमाम अधिकारी रहेमौजूद

इस अवसर पर जनगणना कार्य निदेशालय, भारत सरकार के निदेशक प्रभात कुमार, उपायुक्त रांची मंजूनाथ भजंत्री, नगर आयुक्त, रांची नगर निगम सुशांत गौरव, सहायक नगर आयुक्त राहुल यादव, जिला सांख्यिकी पदाधिकारी शेषनाथ बैठा, जनगणना कार्य निदेशालय के उप निदेशक केशया० आर, सहायक निदेशक मुरारी मोहन, सांख्यिकी अधिकारी कौशल किशोर सहित अन्य उपस्थित रहे.