कांग्रेस प्रभारी के बयान पर राजनीति : JMM ने के.राजू को दी नसीहत तो बीजेपी ने कहा-मुद्दों से भटका रही गठबंधन
रांची:झारखंड कांग्रेस प्रभारी के. राजू के कथित बयानों पर झारखंड की राजनीतिक गरमा गई है. सत्ताधारी दल और विपक्ष ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है.झारखंड मुक्ति मोर्चा ने के. राजू के बयानों पर नाराजगी जाहिर की है. प्रवक्ता मनोज पांडे ने नसीहत देते हुए कहा कि सहयोगी दल के नाते के.राजू को कोई भी बयान देने से पहले एहतियात बरतना चाहिए.
उन्होंने कहा कि के. राजू को राज्य में कोयले और बालू के खनन में भ्रष्टाचार का सवाल उठने से पहले सोचना चाहिए कि इस तरह के बयानों से गठबंधन पर क्या असर पड़ेगा.उन्होंने ये भी कहा कि इससे झारखंड मुक्ति मोर्चा इत्तेफाक नहीं रखती है लेकिन, सहयोगी दल होने के नाते इस तरह के बयानों से उन्हें बचना चाहिए. सरकार में रहते हुए सरकार के खिलाफ आंदोलन करने की बात करना कहीं से उचित नहीं है.
वहीं, इस मामले को लेकर कांग्रेस प्रवक्ता राकेश सिन्हा ने के. राजू के बयानों का बचाव किया है. उन्होंने कहा कि के. राजू के बातों को गलत तरीके से पेश किया जा रहा है. कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि सरकार और संगठन दोनों अलग-अलग है. कांग्रेस भले ही सरकार में है, लेकिन कांग्रेस का अपना संगठन है और जहां उसे कमी लगेगा तो लोकतांत्रिक तरीके से वह आंदोलन कर सकता है और सरकार को आगाह कर सकता है.
इधर, भारतीय जनता पार्टी ने कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि कांग्रेस और झारखंड मूर्ति मोर्चा के नेताओं का पहले से ही यही रवैया रहा है. प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने कहा कि राज्य में विधि व्यवस्था खराब स्थिति में है. लगातार आपराधिक घटनाएं सामने आ रही है. दोनों दल आपस में लड़ने का झूठा दिखावा करते हैं, ताकि लोगों को असली मुद्दा से भड़काया जा सके. उन्होंने कहा कि कांग्रेस और झारखंड मुक्ति मोर्चा एक ऐसा ही तालमेल बनाया गया है ताकि वह मुद्दों को भटका सके और किसी को शक ना हो, लेकिन सत्ताधारी दल अपने मंशा में कामयाब नहीं हो सकेगी.





