Hindi News / 9वीं-10वीं में तीन भाषाएं अनिवार्य, गणित-विज्ञान दो स्तरों में, AI और स्किल शिक्षा...

CBSE का नया सिलेबस लागू : 9वीं-10वीं में तीन भाषाएं अनिवार्य, गणित-विज्ञान दो स्तरों में, AI और स्किल शिक्षा पर जोर

Edited By:  |
cbse ka naya sylebus lagu cbse ka naya sylebus lagu

Patna : केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने कक्षा 9वीं और 10वीं के लिए नया सिलेबस जारी कर दिया है,जो इसी शैक्षणिक सत्र से लागू होगा. इस बदलाव का उद्देश्य छात्रों की सीखने की क्षमता को बेहतर बनाना और उन्हें भविष्य की जरूरतों के अनुरूप तैयार करना है.

नए सिलेबस के अनुसार अब छात्रों को तीन भाषाएं पढ़नी अनिवार्य होगी. इनमें से दो भारतीय भाषाएं होगी,जबकि तीसरी भाषा के रूप में छात्र अपनी पसंद के अनुसार चयन कर सकेंगे. बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि तीनों भाषाओं में पास होना जरूरी होगा,अन्यथा छात्र 10वीं की बोर्ड परीक्षा में शामिल नहीं हो सकेंगे.

इसके साथ ही गणित और विज्ञान विषय में भी बड़ा बदलाव किया गया है. अब इन विषयों को दो स्तरों—स्टैंडर्ड और एडवांस—में विभाजित किया गया है. स्टैंडर्ड स्तर सभी छात्रों के लिए अनिवार्य होगा,जबकि एडवांस स्तर वैकल्पिक रहेगा. एडवांस स्तर चुनने वाले छात्रों को अतिरिक्त 25 अंकों की परीक्षा देनी होगी. हालांकि,इसके अंक कुल परिणाम में नहीं जोड़े जाएंगे,लेकिन मार्कशीट में इसका उल्लेख किया जाएगा.

परीक्षा पैटर्न में भी बदलाव किया गया है. अब लगभग 50 प्रतिशत प्रश्न केस स्टडी,डेटा विश्लेषण और एप्लिकेशन आधारित होंगे,जिससे छात्रों की समझ और विश्लेषण क्षमता का आकलन किया जा सके. इसके अलावा,छात्रों को पास होने के लिए बोर्ड परीक्षा और आंतरिक मूल्यांकन,दोनों में अलग-अलग न्यूनतम 33 प्रतिशत अंक लाना अनिवार्य होगा.

सिलेबस में आधुनिक विषयों को भी शामिल किया गया है. छात्रों को अब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI),कंप्यूटेशनल थिंकिंग,पर्यावरण शिक्षा और व्यावसायिक शिक्षा जैसे विषयों की पढ़ाई करनी होगी. वहीं,कला और शारीरिक शिक्षा को भी मुख्य विषयों का दर्जा दिया गया है.

दिव्यांग छात्रों को राहत देते हुए बोर्ड ने उन्हें तीन भाषाओं के बजाय केवल एक भाषा पढ़ने की छूट दी है. कक्षा 9वीं में वार्षिक परीक्षा स्कूल स्तर पर आयोजित होगी,जबकि 10वीं में बोर्ड परीक्षा अनिवार्य होगी.

CBSEके इस नए सिलेबस को शिक्षा व्यवस्था में बड़ा बदलाव माना जा रहा है,जो छात्रों को अधिक व्यावहारिक और कौशल आधारित शिक्षा देने की दिशा में अहम कदम है.

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट--