Hindi News / सरला बिरला पब्लिक स्कूल, रांची ने कक्षा 12वीं बोर्ड परीक्षा 2026 में रचा...

CBSE 12 वीं RESULT 2026 : सरला बिरला पब्लिक स्कूल, रांची ने कक्षा 12वीं बोर्ड परीक्षा 2026 में रचा सफलता का नया इतिहास

Edited By:  |
cbse 12 wi result 2026 cbse 12 wi result 2026

रांची : सरला बिरला पब्लिक स्कूल, रांची के विद्यार्थियों ने कक्षा 12वीं बोर्ड परीक्षा 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए सफलता, समर्पण और शैक्षणिक उत्कृष्टता का एक नया इतिहास रच दिया. विद्यार्थियों की उल्लेखनीय उपलब्धियों ने विद्यालय को गौरव की नई ऊँचाइयों तक पहुँचाते हुए पूरे विद्यालय परिवार को हर्ष और गर्व से अभिभूत कर दिया.

विद्यालय की मेधावी छात्रा निष्का राज ने 97.8 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में सर्वोच्च स्थान हासिल किया. अपनी अथक मेहनत,अनुशासन,लगन और अद्वितीय प्रतिभा के बल पर उन्होंने विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया. उनकी यह उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गई है.

विद्यालय की इस गौरवपूर्ण सफलता को और अधिक गौरवान्वित करते हुए अनन्या रॉय ने 96.8 प्रतिशत अंक अर्जित किए. वहीं रितांशु शेखर ने 96.6 प्रतिशत तथा ऋषिका छावछरिया ने 96 प्रतिशत अंक प्राप्त कर अपनी उत्कृष्ट प्रतिभा और शैक्षणिक दक्षता का प्रभावशाली परिचय दिया. इन विद्यार्थियों की उपलब्धियाँ कठिन परिश्रम,दृढ़ संकल्प और उत्कृष्टता के प्रति समर्पण का प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत करती हैं.

विद्यालय के कुल 38 विद्यार्थियों ने समग्र रूप से 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त कर विद्यालय की उत्कृष्ट शैक्षणिक परंपरा को और अधिक सशक्त बनाया. इसके अतिरिक्त विभिन्न विषयों में 498 विद्यार्थियों ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक अर्जित कर अपनी प्रतिभा और ज्ञान का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया.

प्राचार्या मनीषा शर्मा ने कहा कि हमारे विद्यार्थियों ने एक बार फिर यह सिद्ध कर दिया है कि समर्पण,अनुशासन और दृढ़ निश्चय हमेशा सफलता की ओर ले जाते हैं. उन्होंने कहा कि कक्षा 12वीं बोर्ड परीक्षा का परिणाम विद्यार्थियों,शिक्षकों और अभिभावकों के सामूहिक प्रयासों का प्रतिबिंब है. उन्होंने सभी सफल विद्यार्थियों को हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि उन्होंने एसबीपीएस परिवार का गौरव और सम्मान बढ़ाया है तथा उनके उज्ज्वल भविष्य और निरंतर सफलता की कामना की.