BIHAR NEWS : बिहार दिवस पर मंत्री राम कृपाल यादव ने पटना में कृषि पवेलियन का किया उद्घाटन
पटना : कृषि मंत्री राम कृपाल यादव ने पटना के गांधी मैदान में बिहार दिवस के अवसर पर आयोजित राजकीय समारोह में कृषि पवेलियन का उद्घाटन किया.कृषि विश्वविद्यालयों की उपलब्धियों और नई तकनीकों का प्रदर्शन किया जा रहा है.
विभाग के पवेलियन में बिहार के विशिष्ट उत्पादों के साथ-साथ पारम्परिक एवं प्रसंस्कृत उत्पादों की प्रदर्शनी एवं बिक्री की जा रही है. कृषि शिक्षा से उन्नत बिहार उज्ज्वल बिहार के माध्यम से बिहार कृषि विश्वविद्यालय,सबौर एवं डॉ. राजेन्द्र प्रसाद केन्द्रीय कृषि विश्वविद्यालय,पूसा,समस्तीपुर के सभी महाविद्यालयों एवं उनकी उपलब्धियों का प्रदर्शन किया जा रहा है. उन्होंने बताया कि प्रदेशवासियों को कृषि प्रदर्शनी में छोटे कृषि यंत्रों,पौधा संरक्षण उपकरणों,जीआई टैग भागलपुरी कतरनी चावल,चुड़ा और मर्चा चुड़ा के साथ-साथ शाहाबाद क्षेत्र का सोनाचुर चावल,चुड़ा,जुट का हैण्डीक्राफ्ट,मोटे एवं पोषक अनाज के उत्पाद,गुड़ का भूरा,जाता सत्तू और सोनामोती गेहूँ की प्रदर्शनी और बिक्री की जा रही है. किसानों एवं आम जन के लिए कृषि ज्ञान वाहन के माध्यम से विभिन्न फसलों की तकनीकी जानकारी और चलंत मिट्टी जांच प्रयोगशाला के माध्यम से मिट्टी जांच की सुविधा उपलब्ध है.
कृषि रोडमैप के जरिए बढ़ती उत्पादकता और आत्मनिर्भरता की झलक
उन्होंने कहा कि कृषि विभाग के स्तर से किए जा रहे कार्यों की जानकारी तथा प्रचार-प्रसार प्रदर्शनी के माध्यम से दी जा रही है. कृषि विभाग द्वारा इस अवसर पर गाँधी मैदान में 30 हजार वर्गफीट क्षेत्रफल में कृषि पवेलियन का निर्माण किया गया है. प्रदर्शनी में कृषि के क्षेत्र में हो रही नवीनतम तकनीकों की जानकारी बिहार के किसान भाइयों एवं बहनों तथा आम जन को उपलब्ध कराई जा रही है. उन्होंने कहा कि कृषि विकास के लिए मुख्यमंत्री जी की परिकल्पना कृषि रोड मैप के क्रियान्वयन से खाद्यान्न एवं बागवानी फसलों के उत्पादन एवं उत्पादकता में उल्लेखनीय वृद्धि को प्रदर्शित किया गया है.





