BIHAR NEWS : जदयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा का बड़ा बयान, बोले-कार्यकर्ताओं की मांग, निशांत को दी जाए महत्वपूर्ण जिम्मेदारी
पटना: तीसरी बार जदयू के प्रदेश अध्यक्ष चुने जाने के बाद उमेश कुशवाहा पहली बार पार्टी के प्रदेश कार्यालय पटना पहुंचे,जहां कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया. ढोल-नगाड़ों और नारों के बीच बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे और नए प्रदेश अध्यक्ष को बधाई दी.
इस दौरान उमेश कुशवाहा ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमारको लेकर बड़ा बयान दिया. उन्होंने कहा कि पार्टी के कई कार्यकर्ताओं की मांग है कि निशांत कुमार को बिहार में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी जाए. कुशवाहा ने कहा कि पार्टी का एक-एक कार्यकर्ता निशांत कुमार के साथ खड़ा है और उन्हें राजनीति में सक्रिय भूमिका में देखने की इच्छा जता रहा है.
उमेश कुशवाहा ने यह भी कहा कि निशांत कुमार की टाइमिंग और सहमति के बाद पार्टी कार्यालय में आगे की तैयारी शुरू की जाएगी. उन्होंने संकेत दिया कि पार्टी नेतृत्व इस पर विचार करेगा और सही समय आने पर फैसला लिया जाएगा.
वहीं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने की चर्चाओं पर भी कुशवाहा ने प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि अगर नीतीश कुमार राज्यसभा जाते हैं,तब भी उनका मार्गदर्शन पार्टी और बिहार की राजनीति को मिलता रहेगा.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट--





