BIHAR NEWS : सीएम नीतीश ने बुद्ध सम्यक दर्शन संग्रहालय एवं स्मृति स्तूप परिसर, वैशाली का किया भ्रमण, अधिकारियों को दिये आवश्यक निर्देश
पटना: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शुक्रवार को वैशाली जिला में बुद्ध सम्यक दर्शन संग्रहालय एवं स्मृति स्तूप परिसर,वैशाली का भ्रमण किया. इस दौरान उन्होंने पर्यटकीय सुविधाओं,व्यवस्थाओं एवं कराये गये विकास कार्यों की जानकारी ली और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिये.
मुख्यमंत्री ने बुद्ध सम्यक दर्शन संग्रहालय सह स्मृति स्तूप से प्राचीन मृदा धातु स्तूप जाने के रास्ते का फीता काटकर उद्घाटन किया. मुख्यमंत्री ने बुद्ध सम्यक दर्शन संग्रहालय सह स्मृति स्तूप परिसर में शिलापट्टों पर उत्कीर्ण कराये गये बौद्ध प्रतीकों के अर्थ एवं उपदेशों का भी अवलोकन किया.
मुख्यमंत्री ने स्मृति स्तूप के भू-तल पर अधिष्ठापित भगवान बुद्ध की पूजा-अर्चना कर राज्य में सुख,शांति एवं समृद्धि की कामना की.
भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि वैशाली ऐतिहासिक और पौराणिक भूमि है. यहां बुद्ध सम्यक दर्शन संग्रहालय-सह-स्मृति स्तूप का निर्माण बहुत अच्छे ढंग से कराया गया है. इस परिसर का स्वरूप पर्यावरणीय दृष्टिकोण से भी काफी अच्छा बनाया गया है ताकि यहां आने वाले पर्यटकों को सुखद अनुभूति हो. इसे पूरी तरह मेनटेन रखें. बुद्ध सम्यक दर्शन संग्रहालय-सह-स्मृति स्तूप न केवल वैशाली को वैश्विक स्तर पर प्रतिष्ठित करेगा बल्कि पर्यटन,संस्कृति और रोजगार को भी बढ़ावा देगा.
ज्ञातव्य है कि राज्य सरकार ने राज्य में भगवान बुद्ध से जुड़े सभी स्थलों का विकास कराया है. बौद्ध पर्यटक स्थलों को एक सर्किट में जोड़ा गया है. बोधगया आने वाले पर्यटक राजगीर,राजगीर से पटना,पटना से वैशाली तथा वैशाली से केसरिया स्तूप,लौरिया नन्दन गढ़ होते हुए पश्चिमी चम्पारण जिले में गंडक नदी पर निर्मित धनाह-रतवल (गौतम बुद्ध) सेतु से कुशीनगर जा सकते हैं.
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी,विधायक सिद्धार्थ पटेल,मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार,मुख्यमंत्री के सचिव अनुपम कुमार,मुख्यमंत्री के सचिव सह भवन निर्माण विभाग के सचिव कुमार रवि,कला,संस्कृति विभाग के सचिव प्रणव कुमार,मुख्यमंत्री के सचिव डॉ० चन्द्रशेखर सिंह,तिरहुत प्रमंडल के आयुक्त गिरिवर दयाल सिंह,वैशाली जिला की जिलाधिकारी वर्षा सिंह,पुलिस अधीक्षक विक्रम सिहाग,बौद्ध भंते सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट--





