आचार संहिता उल्लंघन : कांग्रेस पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने राज्य निर्वाचन आयोग से की शिकायत,बीजेपी पर लगाए गंभीर आरोप

Edited By:  |
achar sanhita ullanghan achar sanhita ullanghan

रांची: कांग्रेस पार्टी के प्रतिनिधिमंडल नगर निकाय चुनाव में आचार संहिता उल्लंघन करने को लेकर राज्य निर्वाचन आयोग के कार्यालय पहुंचा. प्रतिनिधिमंडल ने आयोग से मुलाकात कर शिकायत दर्ज कराई. कांग्रेस नेताओं का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से भारतीय जनता पार्टी द्वारा खुले तौर पर आचार संहिता का उल्लंघन किया जा रहा है. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म—जैसे फेसबुक आईडी और ट्विटर हैंडल के माध्यम से चुनावी निष्पक्षता को प्रभावित करने की कोशिश की जा रही है. इसी को लेकर कांग्रेस ने चुनाव आयोग का दरवाज़ा खटखटाया और निष्पक्ष जांच की मांग की है.

कांग्रेस का आरोप है कि प्रदेश बीजेपी कार्यसमिति के एक सदस्य के ट्विटर हैंडल से वीडियो साझा किया गया. जिसमें दिखाया गया कि एक पैकेट तैयार किया गया. उस पैकेट पर प्रधानमंत्री की तस्वीर और बीजेपी समर्थित मेयर पद की उम्मीदवार की तस्वीर लगाई गई है. साथ ही चुनाव चिन्ह रखकर उसे जनता के बीच वितरित किया गया.

कांग्रेस का कहना है कि यह चुनाव आचार संहिता का गंभीर उल्लंघन है. प्रतिनिधिमंडल ने चुनाव आयोग से आग्रह किया है कि वह मामले में तत्काल संज्ञान लेकर निष्पक्ष जांच करे और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करे.आईटी सेल के इस्तेमाल को लेकर कांग्रेस का कहना है कि बीजेपी सोशल मीडिया और आईटी सेल के माध्यम से चुनावी रणनीति चलाने में माहिर है और फेक एजेंडा फैलाने का काम करती है.