BIG BREAKING : राहुल गांधी ने EVM पर फिर खड़े किए सवाल, कहा : भारत में EVM एक ब्लैक बॉक्स, नहीं है किसी को भी जांच करने की इजाजत

Edited By:  |
Rahul Gandhi raised questions on EVM Rahul Gandhi raised questions on EVM

NEW DELHI :लोकसभा चुनाव 2024 के दौरान EVM का मुद्दा गाहे-बगाहे विपक्ष द्वारा उठता रहा लेकिन चुनाव के नतीजे सामने आने के बाद ये मुद्दा गायब सा हो गया था लेकिन अब रिजल्ट जारी होने के 12 दिन बाद कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) का मुद्दा उठाया है और इसकी विश्वसनीयता पर सवाल खड़े किए हैं।

राहुल गांधी ने EVM पर खड़े किए सवाल

इस संबंध में कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट साझा किया है और चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता पर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने अपने पोस्ट में शिवसेना शिंदे गुट के उम्मीदवार रवींद्र वायकर से जुड़ी एक खबर भी शेयर की है। शिंदे पर ईवीएम से छेड़छाड़ कर जीतने का आरोप लगा है।

राहुल गांधी ने दुनिया के सबसे अमीर बिजनेसमैन एलन मस्क की X पोस्ट को रिपोस्ट करते हुए एक अख़बार का हवाला देकर कहा है कि 'भारत में EVM एक "ब्लैक बॉक्स" है और किसी को भी उनकी जांच करने की अनुमति नहीं है। हमारी चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता को लेकर गंभीर चिंताएं जताई जा रही है। जब संस्थाओं में जवाबदेही की कमी होती है तो लोकतंत्र एक दिखावा बन जाता है और धोखाधड़ी की संभावना बढ़ जाती है।'

राहुल गांधी ने महाराष्ट्र की घटना का किया जिक्र

राहुल गांधी ने अपनी पोस्ट में मुंबई की घटना का जिक्र किया है. इस मामले में मुंबई पुलिस ने ईवीएम को लेकर शिवसेना शिंदे गुट के सांसद रविन्द्र वायकर के साले मंगेश पांडिलकर के खिलाफ केस दर्ज किया है। मंगेश पांडिलकर पर आरोप है कि उसने मुंबई के गोरेगांव चुनाव सेंटर के अंदर पाबंदी होने के बावजूद मोबाइल का इस्तेमाल किया था।

इसके अलावा पुलिस ने पांडिलकर को मोबाइल देने के आरोप में चुनाव आयोग के एक कर्मचारी के खिलाफ भी मामला दर्ज किया है। इस मामले में पुलिस को नॉर्थ पश्चिम सीट से लड़ने वाले कई उम्मीदवारों और चुनाव आयोग की तरफ से शिकायतें मिली थी, जिसके आधार पर यह मामला दर्ज किया गया है। नॉर्थ-पश्चिम सीट से रविन्द्र वायकर दोबारा काउंटिंग होने के बाद महज 48 वोटों से चुनाव जीते थे, जिसको लेकर काफी विवाद भी हुआ था।

एलन मस्क ने X पर लिखा था ये...

गौरतलब है कि दुनिया के सबसे अमीर बिजनेसमैन एलन मस्क ने अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों यानी EVM से नहीं कराने की सलाह दी है। उन्होंने सोशल मीडिया साइट X पर लिखी अपनी पोस्ट में कहा है कि 'इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों को खत्म कर देना चाहिए। इसे इंसानों या एआई द्वारा हैक किए जाने का खतरा है। हालांकि ये खतरा कम है, फिर भी बहुत ज्यादा है।'