पटना : सोशल मीडिया पर वीडियो और कंटेंट के जरिए चर्चा में रहने वाले यूट्यूबर यश महेश्वरी की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही है. पटना साइबर थाना में उनके यूट्यूब चैनल @Almostyash को लेकर मामला दर्ज किया गया है. इस संबंध में पटना साइबर थाना की ओर से 25 नवंबर 2026 को एक सूचना जारी की गई है.
जारी दस्तावेज के मुताबिक, इस मामले में कांड संख्या 1550/26 दर्ज किया गया है. प्राथमिकी की तारीख 24 नवंबर 2026 बताई गई है. मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 75(1), 79, 351 और 352 के साथ-साथ सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 66(C) और 66(D) का उल्लेख किया गया है.
दस्तावेज में यश महेश्वरी के नाम और उनके यूट्यूब चैनल @Almostyash का विशेष रूप से उल्लेख है. पुलिस की ओर से जारी सूचना में सोशल मीडिया पर प्रसारित सामग्री को लेकर कानूनी कार्रवाई का संदर्भ दिया गया है.
इस मामले के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर सक्रिय कंटेंट क्रिएटर्स के बीच भी चर्चा शुरू हो गई है. हालांकि, उपलब्ध दस्तावेज की तस्वीर स्पष्ट नहीं होने के कारण विवादित वीडियो की विषयवस्तु, शिकायतकर्ता और पुलिस की ओर से लगाए गए आरोपों का पूरा विवरण स्पष्ट नहीं हो पा रहा है.
फिलहाल इस मामले में पटना साइबर थाना की ओर से दर्ज कांड के आधार पर आगे की कानूनी प्रक्रिया की जानकारी सामने आने का इंतजार है. पुलिस की जांच और आधिकारिक पक्ष के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-
