पटना : बिहार में नगर विकास विभाग और बुडको की परियोजनाओं से जुड़े कथित टेंडर घोटाले की जांच तेज हो गई है. प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने इस मामले में ठेकेदार रिशु श्री के करीबी विपुल वैभव से बुधवार को पूछताछ शुरू की. ईडी की ओर से जारी नोटिस के बाद विपुल वैभव अपना पक्ष रखने के लिए जांच एजेंसी के समक्ष पहुंचे हैं. सूत्रों के अनुसार, उनसे इस मामले में कई अहम बिंदुओं पर लंबी पूछताछ हो सकती है.


जांच एजेंसी की पड़ताल का मुख्य केंद्र बिहार सरकार के नगर विकास एवं आवास विभाग और बिहार शहरी आधारभूत संरचना विकास निगम (बुडको) की विभिन्न परियोजनाओं के टेंडर हैं. जांच से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, विपुल वैभव मेसर्स श्रीहरि कंस्ट्रक्शन एंड कंसल्टेंसी से जुड़े हुए हैं. उन पर आरोप है कि वह रिशु श्री के सहयोग से नगर विकास विभाग और बुडको की आधारभूत संरचना परियोजनाओं के टेंडर मैनेज करने में भूमिका निभाते थे.


ईडी इस मामले में जापानी कंपनियों को टेंडर दिलाने और इसके जरिए करोड़ों रुपये के कथित लाभ से जुड़े पहलुओं की भी जांच कर रही है. एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि टेंडर आवंटन की प्रक्रिया में किन लोगों की भूमिका थी और कंपनियों के बीच किस तरह संपर्क स्थापित किए गए थे.


जापान यात्राओं की भी जांच


सूत्रों के अनुसार, विपुल वैभव कई बार रिशु श्री के साथ जापान की यात्रा पर गए थे. ईडी इन विदेश यात्राओं के उद्देश्य, कंपनियों से कथित संपर्क और टेंडर आवंटन से इनके संभावित संबंधों की पड़ताल कर रही है.


गौरतलब है कि रिशु श्री के खिलाफ विशेष निगरानी इकाई और ईडी भी जांच कर रही है. मामले में वरिष्ठ अधिकारियों की कथित संलिप्तता और ठेकों के बदले लाभ पहुंचाने के आरोपों की भी जांच जारी है. फिलहाल मामला न्यायिक प्रक्रिया के अधीन है.



पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-