पटना/नई दिल्ली : छठ महापर्व, बिहार की महिलाओं और धार्मिक-सांस्कृतिक परंपराओं को लेकर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है. इस मामले में लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के लीगल सेल ने कड़ा रुख अपनाते हुए दिल्ली पुलिस के आयुक्त को ई-मेल के माध्यम से विस्तृत लिखित शिकायत भेजी है. पार्टी ने संबंधित स्टैंडअप कॉमेडियन सूफी यश माहेश्वरी पर धार्मिक आस्था, महिलाओं की गरिमा और बिहार की सांस्कृतिक परंपराओं को ठेस पहुंचाने वाली टिप्पणी करने का आरोप लगाया है. साथ ही मामले में तत्काल हस्तक्षेप करते हुए प्राथमिकी (FIR) दर्ज करने की मांग की है.

छठ महापर्व, बिहार की महिलाओं और धार्मिक-सांस्कृतिक परंपराओं पर टिप्पणी को लेकर LJP (रामविलास) ने दिल्ली पुलिस से की शिकायत, FIR  करने की मांग

25 नवंबर 2026 को भेजे गए ई-मेल में लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान के कार्यालय को भी शिकायत की प्रति भेजी गई है. शिकायत दिल्ली पुलिस आयुक्त के साथ दिल्ली पुलिस के अन्य संबंधित अधिकारियों को भी भेजी गई है.

पार्टी के लीगल सेल की ओर से भेजी गई शिकायत में कहा गया है कि स्टैंडअप कॉमेडियन सूफी यश माहेश्वरी ने छठ महापर्व, बिहार की महिलाओं तथा इस महापर्व से जुड़ी धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं के संबंध में कथित तौर पर अत्यंत आपत्तिजनक, अपमानजनक और निंदनीय टिप्पणियां की है. शिकायत के मुताबिक, इस तरह की टिप्पणियों से बिहार समेत देशभर के करोड़ों लोगों की धार्मिक और सांस्कृतिक भावनाओं को गहरी ठेस पहुंची है.

शिकायत में छठ महापर्व को केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि आस्था, श्रद्धा, सामाजिक पहचान और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक बताया गया है. इसमें कहा गया है कि छठ पर्व बिहार की पहचान से गहराई से जुड़ा हुआ है और इसमें महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है. ऐसे में इस महापर्व और इससे जुड़ी परंपराओं पर अमर्यादित टिप्पणी करना समाज में अनावश्यक आक्रोश और असंतोष पैदा कर सकता है.

लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के लीगल सेल ने दिल्ली पुलिस से चार प्रमुख मांगें की है. इनमें सबसे पहले शिकायत पर तत्काल संज्ञान लेने, संबंधित तथ्यों और उपलब्ध साक्ष्यों की निष्पक्ष जांच कराने तथा प्रथम दृष्टया संज्ञेय अपराध पाए जाने पर संबंधित कानूनी धाराओं के तहत FIR दर्ज करने का निर्देश देने की मांग की गई है.

इसके अलावा शिकायत में मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए नियमानुसार शीघ्र और उचित कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने का भी अनुरोध किया गया है.

अधिवक्ता सुशील कुमार ने भेजी शिकायत

यह शिकायत लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष, विधि प्रकोष्ठ की ओर से अधिवक्ता सुशील कुमार ने भेजी है. उन्होंने दिल्ली पुलिस से मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देने का आग्रह किया है.

फिलहाल इस शिकायत के बाद अब सबकी निगाहें दिल्ली पुलिस की कार्रवाई पर टिकी है. हालांकि, शिकायत में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि और दिल्ली पुलिस की ओर से FIR दर्ज किए जाने अथवा आगे की कार्रवाई की जानकारी इस ई-मेल में नहीं दी गई है.

पटना से अंकिता सिंह की रिपोर्ट-