पटना : बिहार के कई हिस्सों में हाल के दिनों में हुई बेमौसम बारिश से फसलों को नुकसान पहुंचने की खबरों पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने संज्ञान लिया है. मुख्यमंत्री ने इस मामले में कृषि विभाग और आपदा प्रबंधन विभाग को प्रभावित जिलों से विस्तृत जानकारी जुटाने तथा फसल क्षति का आकलन करने का निर्देश दिया है. सरकार ने स्पष्ट किया है कि प्रभावित किसानों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के लिए जरूरी कदम उठाए जाएंगे.

मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद कृषि विभाग और आपदा प्रबंधन विभाग को राज्य के सभी जिलों से बारिश की स्थिति और उससे फसलों पर पड़े प्रभाव की जानकारी एकत्र करने को कहा गया है. अधिकारियों को यह पता लगाने का निर्देश दिया गया है कि किन इलाकों में बारिश के कारण फसलों को नुकसान पहुंचा है और कितने किसान इससे प्रभावित हुए हैं.

सरकार की ओर से फसल क्षति का आकलन कर प्रभावित किसानों को नियमानुसार आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की बात कही गई है. इसके लिए जिला स्तर पर स्थिति की जानकारी जुटाने और नुकसान का आकलन करने पर जोर दिया गया है.

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने किसानों के हितों को लेकर राज्य सरकार की प्रतिबद्धता जताई है. सरकार का कहना है कि किसानों के हित सर्वोपरि हैं और किसी भी परिस्थिति में उन्हें अकेला नहीं छोड़ा जाएगा.

बेमौसम बारिश के कारण फसलों को हुए नुकसान की खबरों के बीच सरकार के इस निर्देश को प्रभावित किसानों के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है. अब सभी जिलों से मिलने वाली रिपोर्ट के आधार पर नुकसान की स्थिति स्पष्ट होगी. इसके बाद प्रभावित किसानों को राहत और सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी.

राज्य सरकार ने दोहराया है कि वह किसानों के साथ मजबूती से खड़ी है और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाएगी.

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट--