पटना : मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी बुधवार को पटना के नदवां में ऋषिकेश कुमार के साथ हो रही है. इस भव्य विवाह समारोह में राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र की कई चर्चित हस्तियों ने शिरकत की. मेहमानों के पहुंचने का सिलसिला जारी है. शादी को लेकर पूरे इलाके में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिल रहा है.
समारोह में केंद्रीय मंत्री ललन सिंह पहुंचे और वर-वधू को आशीर्वाद दिया. उन्होंने शिवांगी के सुखी वैवाहिक जीवन की कामना करते हुए कहा कि बेटी की शादी है. वह खुश रहे, आबाद रहे और परिवार में हमेशा खुशियां बनी रहे.
वहीं, उत्तर प्रदेश के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह भी शादी समारोह में शामिल होने पहुंचे. वह पटना एयरपोर्ट से हेलीकॉप्टर के जरिए नदवां पहुंचे. उनके आगमन पर समर्थकों और समारोह में मौजूद लोगों ने जोरदार स्वागत किया. पूर्व सांसद साधु यादव भी इस मौके पर नदवां पहुंचे. उन्होंने कहा कि यह समाज और बिहार की बेटी की शादी है. समारोह में शामिल होकर उन्हें काफी खुशी हो रही है.
घुड़दौड़ बना आकर्षण का केंद्र
शादी समारोह के दौरान आयोजित घुड़दौड़ लोगों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनी हुई है. मुकाबला देखने के लिए आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे हैं. घुड़दौड़ का रोमांच देखने के लिए कुछ लोग मोबाइल टावर पर भी चढ़ गए. वहीं, सड़क किनारे भी लोगों की भारी भीड़ जुटी रही.
समारोह स्थल पर अनंत सिंह के समर्थन में 'अनंत सिंह जिंदाबाद' के नारे भी सुनाई दिए. मेहमानों की मौजूदगी, हेलीकॉप्टर से पहुंचे अतिथियों और घुड़दौड़ के आयोजन ने नदवां में शादी समारोह को खास बना दिया है.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-
