मोरहाबादी मैदान में परिवहन विभाग और ट्रैफिक पुलिस ने चलाया विशेष जागरूकता अभियान,विजेता बच्चों को JIASOWAकी ओर से किया गया सम्मानित
रांची: राजधानी रांची के मोरहाबादी मैदान में आयोजित भव्य दीपावली मेला JIASOWA 2026 में इस बार उत्सव के साथ सामाजिक जागरूकता का भी संदेश दिया जा रहा है। मेले में परिवहन विभाग और यातायात पुलिस की ओर से सड़क सुरक्षा को लेकर विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। त्योहारों के मौसम में बढ़ती भीड़भाड़ और सड़क दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए मेले को एक प्रमुख मंच बनाया गया है।

इस अभियान के तहत बच्चों ने पेंटिंग और अपनी अन्य रचनात्मक प्रतिभाओं के माध्यम से सड़क सुरक्षा का संदेश दिया। बच्चों की कलाकृतियों के जरिए लोगों को यातायात नियमों का पालन करने, सावधानीपूर्वक वाहन चलाने और सड़क सुरक्षा के प्रति जिम्मेदार बनने का संदेश दिया गया। जागरूकता अभियान और प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले बच्चों को JIASOWA की ओर से पुरस्कृत भी किया गया।
JIASOWA दीपावली मेला 2026 में सड़क सुरक्षा का संदेश, बच्चों की पेंटिंग और प्रतिभा ने लोगों को किया जागरूकबच्चों की प्रतिभा से लें सड़क सुरक्षा की सीख-परिवहन सचिव
इस अवसर पर परिवहन सचिव राजीव रंजन ने बच्चों की सराहना करते हुए कहा कि पेंटिंग और अन्य रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से बच्चों ने जिस तरह लोगों को जागरूक करने का प्रयास किया है, वह बेहद सराहनीय है।

उन्होंने कहा कि इन बच्चों से हम सभी को सीख लेने की जरूरत है। जब बच्चों को भी सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों की जानकारी है, तो बड़ों को भी अपनी जिम्मेदारी समझनी चाहिए। सड़क सुरक्षा केवल विभागों की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक का दायित्व है।

JIASOWA दीपावली मेला 2026 में सड़क सुरक्षा का संदेश, बच्चों की पेंटिंग और प्रतिभा ने लोगों को किया जागरूक
मेले में विभिन्न विभागों की ओर से चलाए जा रहे जागरूकता अभियान-प्रीति कुमारी
वहीं, JIASOWA की अध्यक्ष प्रीति कुमारी ने कहा कि दीपावली मेले में परिवहन विभाग के साथ-साथ विभिन्न विभागों से संबंधित जागरूकता अभियान भी चलाए जा रहे हैं। इसका उद्देश्य लोगों को जरूरी सामाजिक विषयों के प्रति जागरूक करना है।

उन्होंने बताया कि मेले में विभिन्न प्रकार की प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया जा रहा है, जिसमें बच्चे अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रतियोगिताओं में विजेता बच्चों को पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया जा रहा है।

उत्सव के साथ जागरूकता का संदेश
JIASOWA दीपावली मेला 2026 में सांस्कृतिक और मनोरंजक गतिविधियों के साथ सामाजिक सरोकारों को भी विशेष महत्व दिया जा रहा है। सड़क सुरक्षा अभियान के माध्यम से लोगों को यह संदेश देने का प्रयास किया गया कि त्योहारों की खुशियों के बीच यातायात नियमों की अनदेखी न करें और सुरक्षित यात्रा को प्राथमिकता दें।

पटना से राहुल कुमार की रिपोर्ट