वाराणसी- उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर जनता दल (यू) ने अपनी राजनीतिक तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में वाराणसी में पार्टी का भव्य राज्यस्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में बिहार सरकार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार शामिल हुए। उनके पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों और फूल-मालाओं के साथ स्वागत किया। कार्यक्रम में यूपी के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता पहुंचे।

कार्यक्रम में जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा, बिहार सरकार के मंत्री और यूपी प्रभारी श्रवण कुमार, मंत्री जमा खां, यूपी जदयू प्रदेश अध्यक्ष अनूप पटेल, सांसद कौशलेन्द्र कुमार, सुनील कुमार, विधायक संतोष निराला, अमरेन्द्र पाण्डेय और राहुल सिंह सहित कई नेता मौजूद रहे। इस दौरान विभिन्न राजनीतिक दलों से जुड़े कुछ वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जदयू की सदस्यता भी ग्रहण की। पार्टी की ओर से इसे उत्तर प्रदेश में संगठन विस्तार की दिशा में अहम कदम बताया गया।

स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने कार्यकर्ताओं से संगठन को बूथ और पंचायत स्तर तक मजबूत करने की अपील की। उन्होंने कहा कि पार्टी का लक्ष्य उत्तर प्रदेश में जनता की आवाज बनना और जनहित के मुद्दों पर काम करना है। उन्होंने बिहार में नीतीश कुमार के नेतृत्व में हुए विकास कार्यों, महिला सशक्तिकरण, शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली और कानून-व्यवस्था से जुड़े कार्यों को गांव-गांव तक पहुंचाने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि पार्टी उत्तर प्रदेश में एनडीए के साथ मिलकर नीतीश कुमार के 'न्याय के साथ विकास' के विजन को आगे बढ़ाने का प्रयास करेगी। जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा ने कहा कि पार्टी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बिहार के सुशासन और विकास मॉडल को मतदाताओं तक पहुंचाने की अपील की। उन्होंने निशांत कुमार के राजनीति में आने से पार्टी कार्यकर्ताओं में नए उत्साह की बात भी कही।

बिहार सरकार के मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि उत्तर प्रदेश के कार्यकर्ताओं का समर्थन पार्टी के संगठन को मजबूत करेगा। उन्होंने बिहार में हुए विकास कार्यों को उत्तर प्रदेश तक पहुंचाने पर जोर दिया। वहीं, मंत्री जमा खां ने अल्पसंख्यक समाज के लिए बिहार में किए गए कार्यों का उल्लेख किया। उन्होंने कब्रिस्तानों की घेराबंदी, मदरसा शिक्षकों के वेतन में वृद्धि और अल्पसंख्यक आवासीय विद्यालयों की स्थापना जैसे कदमों की जानकारी दी। सम्मेलन के अंत में नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उत्तर प्रदेश में जदयू का जनाधार बढ़ाने और 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटने का संकल्प लिया।
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट

