NH-19पर शिवसागर पुलिस की बड़ी कार्रवाई,मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में हुई नकदी की गिनती;रुपये के स्रोत की जांच में जुटी पुलिस और आयकर विभाग
रोहतास: जिले में दिल्ली-कोलकाता नेशनल हाईवे (NH-19) पर सासाराम टोल प्लाजा के पास पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कार से 66 लाख 50 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। इस मामले में दो महिलाओं समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बरामद नकदी को जब्त कर उसके स्रोत की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, रोहतास एसपी मिस्टर राज के निर्देश पर शिवसागर थाना पुलिस ने सासाराम टोल प्लाजा पर वाहनों की जांच के दौरान XUV 300 कार (BR 24 AL 9617) को रोका। तलाशी लेने पर कार से भारी मात्रा में नकदी बरामद हुई। इसके बाद मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में बरामद 66 लाख 50 हजार रुपये की गिनती कराई गई।
गिरफ्तार लोगों में पति-पत्नी समेत तीन शामिल
सासाराम एसडीपीओ वन विप्लव कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सासाराम नगर थाना क्षेत्र के नवरत्न बाजार निवासी चंदन कुमार, उनकी पत्नी ज्योति कुमारी और परमानंद सोनी की पत्नी पूनम कुमारी के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, तीनों से बरामद नकदी के संबंध में पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच के दौरान वे नकदी के स्रोत से संबंधित संतोषजनक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके हैं।
आयकर विभाग को भी दी गई सूचना
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आयकर विभाग को भी जांच में शामिल किया है। बरामद राशि कहां से लाई गई थी और इसे कहां ले जाया जा रहा था, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। गिरफ्तार तीनों लोगों से पूछताछ के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल 66.50 लाख रुपये की इस बड़ी बरामदगी को लेकर पुलिस और आयकर विभाग की जांच जारी है।
रोहतास से दयानंद तिवारी की रिपोर्ट

