सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी सुजीत को 5हजार का पुरस्कार,सारवां की 12बालिका खिलाड़ियों के बूट के लिए दिए 10हजार रुपये
देवघर: जिला ओलंपिक संघ सह जिला कबड्डी एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. सुनील खवाड़े ने स्थानीय इनडोर स्टेडियम में जिला स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता-2026 के विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया। 25 अक्टूबर को आयोजित इस प्रतियोगिता के बालक एवं बालिका वर्ग की विजेता टीमों को 11-11 हजार रुपये की नकद पुरस्कार राशि प्रदान की गई। वहीं प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया।
इस दौरान सारवां के खिलाड़ी सुजीत को सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी के रूप में पांच हजार रुपये का पुरस्कार दिया गया। वहीं सबसे कम उम्र के खिलाड़ी राजकुमार को सांत्वना पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया गया।
बालिका खिलाड़ियों की समस्या सुनकर तत्काल दी आर्थिक सहायता
सम्मान समारोह के दौरान सारवां की बालिका खिलाड़ियों ने खेल के लिए जरूरी बूट उपलब्ध नहीं होने की समस्या डॉ. सुनील खवाड़े के सामने रखी। खिलाड़ियों की परेशानी को देखते हुए उन्होंने तत्काल 12 खिलाड़ियों के बूट खरीदने के लिए टीम के कोच को 10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की।
डॉ. खवाड़े ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। जरूरत है उन्हें बेहतर प्रशिक्षण, संसाधन और उचित मंच उपलब्ध कराने की। उन्होंने कहा कि जिला ओलंपिक संघ और कबड्डी एसोसिएशन की प्राथमिकता है कि ग्रामीण क्षेत्रों के खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का अवसर मिले, ताकि वे राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर देवघर का नाम रोशन कर सकें।
प्रदर्शनी मैच में सारवां की टीम का शानदार प्रदर्शन
इससे पूर्व आयोजित प्रदर्शनी मुकाबले में बालिका एवं बालक दोनों वर्गों में सारवां की टीम ने जीत दर्ज की। खिलाड़ियों के प्रदर्शन ने मौजूद खेलप्रेमियों का उत्साह बढ़ाया। कार्यक्रम में जिला कबड्डी संघ के सचिव धर्मेंद्र देव, संजय मालवीय, राजकमल, अशरफ अली खान, मनोज पांडेय सहित कई खेलप्रेमी और खिलाड़ी मौजूद रहे।
देवघर से अमर पाठक की रिपोर्ट

