पटना: बिहार में संगठन को और मजबूत बनाने तथा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से भाजपा प्रदेश कार्यालय स्थित अटल सभागार में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री सह बिहार प्रदेश प्रभारी हरिश द्विवेदी शामिल हुए। उन्होंने विभिन्न बोर्ड, निगम एवं आयोग के अध्यक्षों, उपाध्यक्षों और सदस्यों को संबोधित किया।

बैठक के दौरान संगठन के आगामी अभियानों एवं कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही इन कार्यक्रमों को प्रभावी तरीके से जमीन पर उतारने के लिए आवश्यक रणनीति पर विचार-विमर्श हुआ। पार्टी नेतृत्व ने इस बात पर जोर दिया कि संगठन से जुड़े सभी पदाधिकारी अपनी जिम्मेदारियों का बेहतर तरीके से निर्वहन करें और सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।

संगठन और सरकार के बीच बेहतर समन्वय पर जोर

बैठक में बोर्ड, निगम एवं आयोग की भूमिका को लेकर भी विस्तार से चर्चा हुई। इन संस्थाओं के माध्यम से सरकार की नीतियों, योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों को आम जनता तक पहुंचाने की संभावनाओं पर विचार किया गया। संगठन और सरकार के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा कार्यकर्ताओं के साथ संवाद मजबूत करने पर भी जोर दिया गया।

कई वरिष्ठ पदाधिकारी रहे मौजूद

इस अवसर पर भाजपा बिहार के प्रदेश संगठन महामंत्री भीखू भाई दलसानिया और भागलपुर, कोसी एवं पूर्णिया क्षेत्र के संगठक अनंत नारायण मिश्रा भी उपस्थित रहे। इसके अलावा विभिन्न बोर्ड, निगम एवं आयोग के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और सदस्य बैठक में शामिल हुए।

संगठनात्मक विस्तार को मिलेगी गति

बैठक को बिहार में भाजपा के संगठनात्मक विस्तार और सरकार की योजनाओं के प्रचार-प्रसार के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पार्टी का प्रयास है कि संगठनात्मक गतिविधियों के साथ-साथ जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचे और विभिन्न संस्थाओं की सक्रियता बढ़े।

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट